बीते शनिवार यानी एक नवंबर 2025 को कर्नाटक में कन्नड़ राज्योत्सव दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान पूरे राज्य में जश्न का माहौल था। हालांकि, इसी बीच बेलगावी से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। उत्सव के दौरान भीड़ में कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें 5 लोग घायल हो गए हैं। वहीं अब इस मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है।
घटना पर पुलिस का सख्त एक्शन
पुलिस के अनुसार, कर्नाटक के बेलगावी में कन्नड़ राज्योत्सव के दौरान एक हैरान करने वाली घटना हुई। यहां कुछ बदमाशों ने चाकू और तलवारों से हमला कर दिया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए।
उत्सव के दौरान हुई थी चाकूबाजी
बताया जा रहा है कि हमलावरों के पास चाकू और अन्य हथियार थे। उन्होंने पांच लोगों पर हमला किया और फिर वहां से फरार हो गए। यह घटना APMC पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में हुई।
घायल लोगों की पहचान गुरुनाथ वक्कुंड, सचिन कांबले, लोकेश बेतागेरी, महेश, विनायक और नज़ीर पठान के रूप में हुई है। सभी को इलाज के लिए बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (BIMS) अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और शक है कि हमला करने वाले लोग बाहर से आए थे। हमले के बाद सिटी पुलिस कमिश्नर भूषण जी. बोरासे और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घायल लोगों से मिलने BIMS अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने और इस हमले के पीछे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।