Rahul Gandhi vote chori controversy: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार (5 नवंबर) को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा पलटवार करते हुए हरियाणा विधानसभा चुनावों में 'वोट चोरी' के आरोपों को झूठा और गुमराह करने वाला करार दिया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए सैनी ने कहा, "राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं। उनके परिवार की चार पीढ़ियों ने इस देश पर शासन किया है। फिर भी उन्हें झूठ का सहारा लेना पड़ रहा है।"
पंचकूला में पत्रकारों से बातचीत में सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, "राहुल गांधी देश को गुमराह करने का काम कर रहे हैं... जिस तरह से कांग्रेस मुद्दा विहीन हो गई है, वे झूठ बोलकर देश को गुमराह कर रहे हैं।" कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और चुनाव आयोग पर कथित 'वोट चोरी' को लेकर फिर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने हरियाणा में वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर हेराफेरी का आरोप लगाया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि पिछले साल हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में 25 लाख फर्जी मतों के जरिए चुनाव चोरी किया गया। उन्होंने चुनाव आयोग पर भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलीभगत का आरोप भी लगाया। गांधी ने कहा कि न सिर्फ हरियाणा की सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वैध रूप से पद पर नहीं हैं। बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी सरकार में वैध रूप से नहीं हैं।
चुनाव आयोग के अधिकारियों का कहना है कि राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं। आयोग के मुताबिक राज्य में उनके पार्टी के बूथ एजेंट की ओर से वोटर लिस्ट के खिलाफ कोई अपील दायर नहीं की गई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हरियाणा में वोट चोरी को लेकर वह जो बातें कर रहे हैं वो 100 फीसदी सबूत पर आधारित हैं।
उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि हरियाणा में सर्वे में कांग्रेस की जीत की संभावना जताई गई थी। लेकिन सुनियोजित ढंग से कांग्रेस की तय जीत को हार में बदला गया। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के एक बयान का वीडियो दिखाया। उसमें सैनी ने कथित तौर पर सरकार बनाने की 'व्यवस्था' होने की बात की थी।
राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा में पांच अलग-अलग तरीकों से 25,41,144 फर्जी मतों से 'वोट चोरी' की गई। कांग्रेस नेता ने कहा, "हरियाणा में पांच तरीके की 'वोट चोरी' है। 'डुप्लीकेट वोटर' की संख्या 5,21,619 रही। फर्जी एड्रेस वाले मतदाताओं की संख्या 93,174 थी। बल्क वोटर 19,26,351 थे।" उन्होंने कहा कि फॉर्म 6 और फॉर्म 7 का भी दुरुपयोग किया गया।
भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर वोट चोरी संबंधी राहुल गांधी के दावों को बुधवार को 'झूठा और निराधार' बताते हुए खारिज कर दिया। बीजेपी ने कांग्रेस नेता पर अपनी नाकामियों को छिपाने और देश के लोकतंत्र को बदनाम करने के लिए चुनाव आयोग पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।