कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक व्यस्त हाईवे पर चलती कार में जोरदार धमाका हो गया, जिससे अपहरण के आरोपी की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ ही देर पहले जिस महिला का कथित तौर पर अपहरण किया गया था, वह चलती कार से किसी तरह बाहर निकलने में सफल हो गई थी।
अपहरण के आरोपी की जिंदा जलकर मौत
यह घटना शनिवार को सिरा तालुका के जोगीहल्ली के पास नेशनल हाईवे-48 पर हुई। अचानक कार में धमाका हुआ और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। इस हादसे में 30 वर्षीय नागेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, महिला और कैब चालक प्रवीण घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तुमकुरु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, नागेंद्र और महिला पहले एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे। महिला बेंगलुरु में ओटी (ऑपरेशन थिएटर) टेक्नीशियन के रूप में काम करती है। कुछ समय पहले दोनों का रिश्ता खत्म हो गया था। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच विवाद होने के बाद महिला ने नागेंद्र का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। आरोप है कि शनिवार सुबह नागेंद्र बेंगलुरु के जयनगर स्थित महिला के किराए के घर पहुंचा। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने कथित तौर पर महिला को जबरन एक पीले नंबर प्लेट वाली उबर कैब में बैठा लिया। महिला के लापता होने पर उसके माता-पिता ने जयनगर पुलिस थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक, अंकोला की ओर जाते समय नागेंद्र ने कथित तौर पर महिला को जान से मारने और खुद भी आत्महत्या करने की धमकी दी। जांच में यह भी सामने आया है कि उसके पास एक संदिग्ध विस्फोटक उपकरण था, जिसे उसने रास्ते में महिला को दिखाया था। यह पूरी घटना जोगीहल्ली के पास और भी खतरनाक हो गई, जब आरोप है कि नागेंद्र ने चलती कार में महिला पर चाकू से हमला कर दिया। हालात बिगड़ते देख कैब चालक ने तुरंत गाड़ी रोक दी। इसका फायदा उठाकर महिला ने कार का दरवाजा खोला और बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
महिला के कार से बाहर निकलने के कुछ ही पल बाद गाड़ी में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। नागेंद्र कार के अंदर ही फंस गया और मदद पहुंचने से पहले उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई। धमाके के बाद नेशनल हाईवे पर एक किलोमीटर से ज्यादा लंबा जाम लग गया। तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक अशोक के.वी. ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि नागेंद्र के पास एक संदिग्ध विस्फोटक उपकरण था। पुलिस को शक है कि धमाका उसने जानबूझकर किया। जांच के दौरान कार से बम जैसा विस्फोटक सामान भी बरामद हुआ है। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि विस्फोटक किस प्रकार का था, धमाका कैसे हुआ और उसे कहां से लाया गया था। कल्लांबेला पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और धमाके के पीछे की सभी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।