Karnataka: कर्नाटक में होने वाला है सत्ता परिवर्तन? सिद्धारमैया, CM पद से दे सकते हैं इस्तीफा...आई ये बड़ी खबर

Karnataka : जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व सिद्धारमैया को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी दे सकता है। वहीं, डीके शिवकुमार को कर्नाटक की कमान सौंपी जा सकती है। सूत्रों का यह भी कहना है कि, सिद्धारमैया के बेटे को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है

अपडेटेड May 26, 2026 पर 9:53 PM
Story continues below Advertisement
कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उनकी जगह मौजूदा उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। न्यूज18 को मिली जानकारी अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व सिद्धारमैया को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी दे सकता है। वहीं, डीके शिवकुमार को कर्नाटक की कमान सौंपी जा सकती है। सूत्रों का यह भी कहना है कि, सिद्धारमैया के बेटे को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

कर्नाटक में चल रही बड़ी सियासी हलचल 

न्यूज18 को मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में हुई अहम बैठक के दौरान डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया करीब दो घंटे तक इंतजार करते रहे, जबकि अंदर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा चल रही थी। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने कहा कि, पार्टी को लेकर गलत संदेश जा रहा है और अब उनकी बात मानी जानी चाहिए। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस पर कोई विरोध नहीं कियाचर्चा यह भी है कि कर्नाटक में नया मुख्यमंत्री बनने के साथ नई कैबिनेट भी बनाई जा सकती है। बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया ने राज्यसभा चुनाव में पूरा समर्थन देने का भरोसा दिया है।


दिल्ली की राजनीति में आगे बढ़ेगे सिद्धारमैया?

सूत्रों के मुताबिक, सिद्धारमैया से कहा गया कि वे अपने करीबी लोगों और अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर खुद फैसला ले सकते हैं। वहीं राहुल गांधी ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दोनों को साफ संदेश दिया कि उन्हें साथ मिलकर काम करना होगा। अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या सिद्धारमैया दिल्ली की राजनीति में जाएंगे और क्या वह जल्द मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस फिलहाल इस मामले में केंद्र स्तर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं करना चाहती। वहीं सिद्धारमैया लगातार अपने विधायकों के संपर्क में हैं और जल्द उनकी बैठक भी बुला सकते हैं।

बता दें कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद से ही यह चर्चा हमेशा होती रही है कि मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी में एक अनौपचारिक समझौता हुआ था। माना जा रहा था कि सिद्धारमैया ढाई साल तक मुख्यमंत्री रहेंगे और उसके बाद डीके शिवकुमार को जिम्मेदारी दी जाएगी। इसी वजह से जब दोनों नेताओं को अचानक दिल्ली बुलाया गया, तो राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।