Swaraj Kaushal Passes Away: पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल का निधन, मिजोरम का रह चुके हैं राज्यपाल

Swaraj Kaushal Passes Away: भारतीय जनता पार्टी की सीनियर नेता और दिवंगत पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल कागुरुवार (4 दिसंबर) को निधन हो गया। BJP ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उनका अंतिम संस्कार आज 4 दिसंबर, 2025 को दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा

अपडेटेड Dec 04, 2025 पर 4:16 PM
Story continues below Advertisement
Kaushal Swaraj Passes Away: स्वराज कौशल मिजोरम के पूर्व राज्यपाल और एक सीनियर वकील थे

Swaraj Kaushal Passes Away: पूर्व विदेश मंत्री दिवंगत सुषमा स्वराज के पति और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज के पिता स्वराज कौशल का निधन हो गया है। गुरुवार (4 दिसंबर) को उन्होंने आखिरी सांस ली। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से बताया गया कि स्वराज कौशल का 73 साल की उम्र में 4 दिसंबर को निधन हो गया। दिल्ली BJP ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार गुरुवार 4 दिसंबर, 2025 को लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा।

दिल्ली बीजेपी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट में स्वराज कौशल के निधन की जानकारी दी है। स्वराज कौशल मिजोरम के पूर्व राज्यपाल और एक सीनियर वकील थे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज के पिता स्वराज कौशल के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

एक पोस्ट में रेखा गुप्ता ने लिखा, "मिजोरम के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ अधिवक्ता श्री स्वराज कौशल जी के निधन की खबर दुखद है। श्री स्वराज कौशल जी का सार्वजनिक जीवन और विधि के क्षेत्र में योगदान हमेशा याद किया जाएगा।"


सीएम ने आगे लिखा, "राष्ट्र और समाज के प्रति उनकी सेवा अविस्मरणीय है। दुःख की इस घड़ी में, मेरी गहरी संवेदनाएँ सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज जी और उनके समस्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। ॐ शांति।"

अपने पिता के निधन पर बांसुरी स्वराज ने X पर लिखा, "पापा स्वराज कौशल जी, आपका स्नेह, आपका अनुशासन, आपकी सरलता, आपका राष्ट्रप्रेम और आपका अपार धैर्य मेरे जीवन की वह रोशनी हैं जो कभी मंद नहीं होगी। आपका जाना हृदय की सबसे गहरी पीड़ा बनकर उतरा है, पर मन यही विश्वास थामे हुए है कि आप अब माँ के साथ पुनः मिल चुके हैं, ईश्वर के सान्निध्य में, शाश्वत शांति में। आपकी बेटी होना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गौरव है, और आपकी विरासत, आपके मूल्य और आपका आशीर्वाद ही मेरी आगे की हर यात्रा का आधार रहेंगे। ॐ शांति।"

BJP के मालवीय नगर MLA सतीश उपाध्याय ने अपनी संवेदनाएं जताते हुए कहा, "मिजोरम के पूर्व गवर्नर और सीनियर एडवोकेट स्वराज कौशल के अचानक निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। वे स्वर्गीय सुषमा स्वराज के पति और MP बांसुरी स्वराज के पिता थे। उन्होंने ईमानदारी, समझदारी और बेमिसाल लगन से देश की सेवा की।"

ये भी पढ़ें- Putin India Visit: 'पीएम मोदी दबाव में आने वालों में से नहीं हैं'; भारत दौरे से पहले व्लादिमीर पुतिन का बड़ा बयान

स्वराज कौशल का जन्म तब के पंजाब (वर्तमान में हिमाचल प्रदेश) के सोलन में 12 जुलाई 1952 को हुआ था। उनकी पत्नी सुषमा स्वराज दिल्ली की मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली पहली सरकार में विदेश मंत्री भी रह चुकी हैं। जबकि उनकी बेटी अभी दिल्ली में बीजेपी की लोकसभा सांसद हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।