दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी: केरल में पति और सास के सामने लड़की ने पिया तेजाब, तोड़ा दम!

Kerala Woman Suicide: मृतक सुफैदा के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति आदिल और उसकी सास उसे दहेज के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार को सुफैदा और उसके ससुराल वालों के बीच तीखी बहस हुई थी

अपडेटेड May 25, 2026 पर 8:26 PM
Kerala Suicide: दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी: केरल में पति और सास के सामने लड़की ने पिया एसिड, तोड़ा दम!

देश में दहेज उत्पीड़न और नवविवाहिताओं की संदिग्ध मौत के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। केरल के कासरगोड जिले के विद्यानगर थाना इलाके से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां महज 24 साल की एक महिला ने अपने ससुराल वालों के सामने कथित तौर पर तेजाब पी लिया। अस्पताल ले जाने के कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतक महिला की पहचान चेरलादुक्कम की रहने वाली फातिमा सुफैदा (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पति आदिल को हिरासत में ले लिया है।

मृतक सुफैदा के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति आदिल और उसकी सास उसे दहेज के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार को सुफैदा और उसके ससुराल वालों के बीच तीखी बहस हुई थी। प्रताड़ना से तंग आकर सुफैदा ने अपने भाई को फोन कर ससुराल बुला लिया और वह अपने मायके वापस जाने की तैयारी कर रही थी।


इसी दौरान उसके पति आदिल ने चिल्लाते हुए कहा कि अगर वह आज इस घर से गई, तो दोबारा कभी लौटकर वापस नहीं आएगी। आरोप है कि पति आदिल ने गुस्से में सुफैदा का मोबाइल फोन छीना और उसे जमीन पर पटककर चकनाचूर कर दिया। इस बहस और प्रताड़ना से बुरी तरह टूट चुकी सुफैदा ने उसी वक्त अपनी सास और पति के सामने घर में रखा एसिड निगल लिया।

शनिवार आधी रात के बाद अस्पताल में सुफैदा ने दम तोड़ दिया। विद्यानगर पुलिस फिलहाल सुफैदा के पति आदिल को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

केरल की यह घटना देश के लोगों को मध्य प्रदेश के उस हाई-प्रोफाइल मामले की याद दिलाती है, जिसने हाल ही में पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। दोनों ही मामलों में शादी के कुछ ही महीनों के भीतर लड़कियों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

क्या था ट्विशा शर्मा का मामला?

नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के समर्थ सिंह से हुई थी। समर्थ की मां, गिरिबाला सिंह, मध्य प्रदेश की एक रिटायर्ड जिला जज हैं।

शादी के महज छह महीने बाद, 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला था।

ट्विशा के परिवार का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद से ही उसकी सास (रिटायर्ड जज) और पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में 'दहेज मृत्यु' (भारतीय न्याय संहिता की धारा 80) के तहत केस दर्ज किया है।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जहां मध्य प्रदेश सरकार ने इसकी जांच सीबीआई (CBI) को सौंप दी है, वहीं देश की सुप्रीम कोर्ट ने भी इस पर सख्त नाराजगी जताई थी। सुप्रीम कोर्ट में सरकार की तरफ से कहा गया कि लड़की के वॉट्सऐप चैट बताते हैं कि वह ससुराल में 'नरक जैसी जिंदगी' जी रही थी, जबकि आरोपी पूर्व जज अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच से बच रही हैं और सबूतों से छेड़छाड़ कर रही हैं।

Jammu and Kashmir: बडगाम में 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या, घर से 200 मीटर दूर मिला शव

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।