Ketan Agarwal: एक हुडी ने खोल दिया सारा राज, कैसे सिया ने प्रेमी संग रची होने वाले पति के कत्‍ल की साजिश?

Ketan Agarwal: जांच में सामने आया कि चेतन चौधरी का कथित तौर पर केतन की मंगेतर सिया गोयल से संबंध था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। पूछताछ और जुटाए गए सबूतों के आधार पर पुलिस को शक हुआ कि केतन की मौत कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश का हिस्सा हो सकती है

अपडेटेड Jun 23, 2026 पर 9:35 PM
महाराष्ट्र के पुणे से सामने आई एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना ने पूरे देश को हैरान कर दिया है।

महाराष्ट्र के पुणे से सामने आई एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना ने पूरे देश को हैरान कर दिया है। एक खुशहाल भविष्य के सपने देख रहे 26 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल की मौत की कहानी अब एक ऐसे खौफनाक सच में बदल चुकी है, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया है। जैसे-जैसे इस मामले की परतें खुल रही हैं, वैसे-वैसे यह सिर्फ एक मौत नहीं, बल्कि भरोसे, रिश्तों और प्यार के नाम पर रची गई कथित साजिश की कहानी बनती जा रही है। पुलिस के अनुसार, जिस लड़की के साथ केतन अपनी नई जिंदगी शुरू करने का सपना देख रहे थे, उसी मंगेतर सिया गोयल पर उनकी हत्या की साजिश रचने का आरोप है।

पुणे के एक बड़े कारोबारी परिवार से जुड़े 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत को शुरुआत में एक हादसा माना गया था। बताया गया था कि लोहागढ़ किले पर घूमने के दौरान वह गिर गए, जिससे उनकी जान चली गई। लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो मामला एक खौफनाक साजिश में बदल गया। पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान एक युवक पर शक हुआ, जो तेज गर्मी के बावजूद हुडी पहनकर घूम रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। बाद में उसकी पहचान 22 वर्षीय चेतन चौधरी के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि चेतन चौधरी का कथित तौर पर केतन की मंगेतर सिया गोयल से संबंध था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। पूछताछ और जुटाए गए सबूतों के आधार पर पुलिस को शक हुआ कि केतन की मौत कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश का हिस्सा हो सकती है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिनसे हत्या की साजिश के संकेत मिले। इसके बाद पुलिस ने मामले को हादसे के बजाय संदिग्ध मौत मानते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी शुरू कर दीं।


सिया के साथ थे लोग फिर खुला ये राज

पुणे पुलिस के अधीक्षक संदीप गिल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने इस कथित हत्या की साजिश का खुलासा कैसे किया। न्होंने कहा कि शुरुआत में इस मामले को एक दुर्घटना माना गया था और आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया था। उस समय लोगों की सहानुभूति 26 वर्षीय सिया गोयल के साथ थी, क्योंकि उनके मंगेतर केतन अग्रवाल की शादी से कुछ दिन पहले लोहागढ़ किले पर फोटो खिंचवाने के दौरान खाई में गिरने से मौत हो गई थी।

लेकिन जांच के दौरान पुलिस को सिया के बयानों में कई विरोधाभास और गड़बड़ियां नजर आईं। इससे अधिकारियों को शक हुआ और मामले की गहराई से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने किले तक जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक लगातार केतन और सिया की गाड़ी के पीछे-पीछे जाता दिखाई दिया। यह बात पुलिस को संदिग्ध लगी और इसी सुराग के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। बाद में पुलिस ने उस युवक की पहचान की और उससे जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की, जिसके बाद मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे होने लगे।

एक हुडी बिगाड़ा सारा खेल

पुलिस अधिकारियों को उस युवक की मौजूदगी शुरू से ही संदिग्ध लगी। सबसे ज्यादा शक इस बात पर हुआ कि भीषण गर्मी के बावजूद उसने हुडी पहन रखी थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखनी शुरू कर दी। जांच के दौरान किले और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में वही युवक उस जगह के आसपास भी दिखाई दिया, जहां केतन अग्रवाल की मौत हुई थी। इससे पुलिस का शक और गहरा हो गया।

पुलिस के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया कि उस युवक और सिया गोयल के बीच संपर्क था। इस सुराग के मिलने के बाद जांच टीम ने दोनों से गहन पूछताछ शुरू की। पूछताछ और जुटाए गए सबूतों के आधार पर पुलिस का दावा है कि सिया गोयल ने इस मामले में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। जांच अधिकारियों का मानना है कि सीसीटीवी फुटेज और हुडी पहने युवक की संदिग्ध गतिविधियां ही इस कथित हत्या की साजिश का खुलासा करने में सबसे अहम सबूत साबित हुईं। पुलिस का कहना है कि इन्हीं सुरागों की मदद से मामले की परतें खुलती गईं और एक कथित दुर्घटना के पीछे छिपी साजिश का पर्दाफाश हो सका।

शादी को लेकर सिया नहीं थी खुश

पुलिस जांच में सामने आया है कि सिया गोयल और केतन अग्रवाल की शादी परिवारों की सहमति से तय हुई थी। शुरुआत में दोनों इस रिश्ते के लिए तैयार भी थे। शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। मेहमानों के लिए विशेष फ्लाइट्स बुक की गई थीं और राजस्थान के जयपुर में शादी का भव्य आयोजन तय किया गया था। हालांकि, जांच अधिकारियों का दावा है कि सिया का किसी दूसरे युवक के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस के मुताबिक, समय के साथ वह इस शादी को लेकर असहज हो गई थी और शादी नहीं करना चाहती थी।

जांच में जुटी टीम का कहना है कि सिया अपने प्रेम संबंध को जारी रखना चाहती थी और केतन के साथ होने वाली शादी को अपने रास्ते की सबसे बड़ी बाधा मानने लगी थी। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से उसने कथित तौर पर एक ऐसी साजिश रची, जिससे यह बाधा हमेशा के लिए खत्म हो जाए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।