'सिया ने खाई थी मेरी कसम...' पुलिस पूछताछ में भाई साहिल ने किया बड़ा खुलासा...चेतन को लकरे कही ये बात

Ketan murder Case : साहिल ने बताया, "मैंने सिया से कहा था कि अभी उसकी उम्र कम है। हो सकता है उसे दोस्ती ही प्यार लग रही हो और इसमें कोई गलत बात नहीं है। मैंने उससे कहा था कि वह जो भी फैसला करेगी, परिवार उसका साथ देगा। अगर वह केतन के साथ अपनी जिंदगी आगे बढ़ाना चाहती है

अपडेटेड Jun 30, 2026 पर 5:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पूरे देश को हैरान कर देने वाले पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं।

पूरे देश में हैरान कर देने वाले पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। वहीं इस हत्याकांड को लेकर पुलिस की जांच जारी है और वो लगातार पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस ने मुख्य आरोपी सिया के भाई साहिल गोयल से भी पूछताछ की है। साहिल ने बताया कि उनके माता-पिता को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि सिया की दोस्ती आरोपी चेतन चौधरी से थी, जिसे इस मामले में उसका प्रेमी बताया जा रहा है।

'शादी की तैयारियों में बिजी थी सिया...'

साहिल ने कहा कि सिया ने यह बात सिर्फ उन्हें बताई थी। उन्होंने बताया, "सिया ने मुझसे कहा था कि वह केतन के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहती है और चेतन से उसका अब कोई संबंध नहीं है। उसने मेरी कसम खाकर कहा था कि वह आगे कभी चेतन से बात नहीं करेगी और न ही उससे कोई संपर्क रखेगी।" साहिल के मुताबिक, सिया शादी की तैयारियों में पूरी तरह व्यस्त थी। वह घंटों तक प्री-वेडिंग शूट, गानों और शादी की लोकेशन को लेकर योजना बनाती रहती थी। साहिल ने कहा, "मुझे कभी शक नहीं हुआ कि ऐसा कुछ हो सकता है। इसी वजह से मैंने अपने माता-पिता को चेतन के बारे में कुछ भी नहीं बताया।"


फिलहाल सिया और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं। दोनों पर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, 18 जून को दोनों ने कथित तौर पर केतन को लोहगढ़ किले की एक चट्टान से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी थी। मामले की जांच जारी है और पुलिस दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है।

'सिया ने कहा था कि चेतन सिर्फ दोस्त है'

साहिल गोयल ने बताया कि सिया ने कभी यह नहीं कहा कि उसका चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध है। साहिल के मुताबिक, सिया ने सिर्फ इतना कहा था कि चेतन उसका दोस्त है और उसके साथ रहने पर उसे अच्छा महसूस होता है। उसने यह भी कहा था कि अभी यह नहीं पता कि उनके रिश्ते का भविष्य क्या होगा और इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

साहिल ने बताया, "मैंने सिया से कहा था कि अभी उसकी उम्र कम है। हो सकता है उसे दोस्ती ही प्यार लग रही हो और इसमें कोई गलत बात नहीं है। मैंने उससे कहा था कि वह जो भी फैसला करेगी, परिवार उसका साथ देगा। अगर वह केतन के साथ अपनी जिंदगी आगे बढ़ाना चाहती है, तो यह बात हमारे बीच ही रहेगी। लेकिन अगर वह कहती कि वह चेतन के साथ रहना चाहती है, तो मैं अपने माता-पिता से बात करता और जरूरत पड़ने पर सगाई भी रद्द कर दी जाती।" साहिल ने यह भी बताया कि उन्होंने यही सारी बातें पुलिस को भी बताई हैं। उनका बयान करीब 10 से 12 घंटे तक दर्ज किया गया और उन्होंने जांच में पुलिस का पूरा सहयोग किया।

10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया

30 जून को वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने साहिल गोयल को 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा। वकील का कहना है कि वह इस मामले में मुख्य आरोपी सिया की ओर से पैरवी कर रहे हैं। यह विवाद पुणे की अदालत में होने वाली अहम सुनवाई से ठीक पहले सामने आया। दरअसल, 29 जून को साहिल गोयल ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि उनके परिवार ने कभी भी वकील आशुतोष श्रीवास्तव को अपना वकील नियुक्त नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हो सकता है वकील ने सिया से धोखे से वकालतनामा (कानूनी अधिकार पत्र) पर हस्ताक्षर करवा लिए हों।

हालांकि, वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है कि उन्हें पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत नियुक्त किया गया था और उनकी नियुक्ति का रिकॉर्ड वड़गांव मावल अदालत में दर्ज है। वकील ने साहिल गोयल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और अपने बयान वापस लेने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनके खिलाफ 10 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।