Khan Sir Vs Raushan Anand: 'खान खान ने मेरे भाई की हत्या करवाई..'; जमानत मिलते ही रौशन आनंद का सनसनीखेज आरोप

Khan Sir Vs Raushan Anand: पटना के ज्ञान ब‍िंदु कोच‍िंग सेंटर के डायरेक्‍टर रौशन आनंद ने सोमवार (15 जून) को जेल से बाहर आने के बाद फैजल खान उर्फ खान सर पर अपने भाई प्रिंस यादव की हत्या करवाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। आनंद ने कहा कि फैजल सर और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक आर एस प्रसाद ने मिलकर मेरे भाई की हत्या करवाई है

अपडेटेड Jun 15, 2026 पर 4:20 PM
Khan Sir Vs Raushan Anand: बिहार में इस वक्त रौशन आनंद और खान सर के बीच विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है

Khan Sir Vs Raushan Anand: बिहार के मशहूर टीचर और ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद को पटना स्थित 'खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट' में तोड़फोड़ के मामले में जमानत मिल गई है। वकील निरंजन कुमार सिंह ने पत्रकारों से कहा कि रौशन आनंद के खिलाफ दर्ज FIR गढ़ी हुई, पूर्वनियोजित और राजनीतिक रूप से प्रेरित थी। उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) को गलत तरीके से लगाया गया, क्योंकि मामले में आरोपी की मंशा, जानकारी और घटनास्थल पर उपस्थिति जैसे कानूनी तत्व मौजूद नहीं थे।

सिंह ने फैजल खान उर्फ खान सर को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करके रौशन आनंद की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा, "सबूतों के अभाव के बावजूद रौशन आनंद को जेल भेज दिया गया। यह सब एक साजिश और खान सर के उस कथित बयान के आधार पर हुआ जिसमें उन्होंने कहा था कि 8-10 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई थी।"

वकील ने यह भी दावा किया कि खान सर के खिलाफ दर्ज प्रतिवाद FIR में शस्त्र अधिनियम की गैर-जमानती धाराओं के तहत गंभीर आरोप होने के बावजूद संबंधित पक्ष ने तथ्यों को छिपाकर और बयान बदलकर अंतरिम राहत हासिल कर ली। सिंह ने मामले में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों द्वारा पुलिस का इस्तेमाल हथियार की तरह किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रौशन आनंद के खिलाफ रची गई आपराधिक साजिश उनके भाई प्रिंस यादव की मौत का कारण भी हो सकती है।


रौशन आनंद का खान सर पर सनसनीखेज आरोप

जमानत मिलते के बाद जब रौशन आनंद सर जेल से बाहर आए तो उन्होंने पटना में मीडियाकर्मियों से बात की। इस दौरान उन्होंने अपने भाई प्रिंस यादव की हत्या को लेकर खान सर पर सनसनीखेज आरोप लगाया। रौशन आनंद ने कहा, "मेरे खिलाफ साजिश रची गई है। फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक RS प्रसाद की रची गई साजिश के तहत मेरे भाई की हत्या कर दी गई।"

आनंद सर ने आगे कहा, "जब मैं बाहर था तो मेरे भाई के साथ कुछ नहीं हुआ। लेकिन जब मुझे जेल भेजा गया, तो मेरे भाई की हत्या कर दी गई। यह एक साजिश है। फैजल खान ने बहुत झूठ बोला है। हमारी तरफ से कोई फ़ायरिंग नहीं हुई थी। फिर भी उन्होंने दावा किया कि हुई थी। CCTV फ़ुटेज में दिखा कि फ़ायरिंग किसने की...फ़ैजल खान ने...। फिर भी फ़ैजल खान जेल से बाहर है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया है।"

रौशन आनंद ने यह भी कहा, "कमरे के मालिक के बेटे ने करोड़ों रुपये का जिम खोला है। यह पैसा कहां से आता है? वह कैश में लेन-देन करता है। जेल में एक गार्ड के जरिए मेरी हत्या की कोशिश की गई थी। फैजल खान झूठा है। कुछ खास गार्डों से जबरदस्ती बयान लिए गए। ऐसे गार्ड जो उसके लिए नहीं, बल्कि कोचिंग सेंटर के लिए काम करते थे। सरकार से मेरी दो मांगें हैं। मेरे भाई की हत्या की CBI जांच और दोबारा पोस्टमार्टम हो। फैजल खान ने कमरे के मालिक के साथ मिलकर साज़िश रची।"

उन्होंने कहा, "उसने कई टीचरों का करियर बर्बाद कर दिया। मेरा करियर भी खत्म करने की साजिश रची। उसने एक साजिश के तहत मुझे जेल भिजवाया। फैजल खान ने ही मेरे भाई की हत्या की साजिश रची थी। फैसल खान की गिरफ्तारी के बारे में... कौन सा नेता फैजल खान को बचा रहा है? फैजल खान ने मुझे जेल भिजवाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए। मैं नाम नहीं बता सकता, लेकिन उसे राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है। मुझे नहीं पता कि वह सत्ता पक्ष में है या विपक्ष में.. लेकिन उसे राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है... पटना पुलिस ने मुझे बहुत परेशान किया... कोई बीमारी नहीं थी। मेरा भाई स्वस्थ था।"

प्रिंस यादव की हत्या पर सियासी उबाल

खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट में तोड़फोड़ के मामले में नामजद प्रिंस यादव को शनिवार रात नेपाल में उनके साथी विराटनगर के एक अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दो जून को हुई तोड़फोड़ की घटना के बाद प्रिंस यादव नेपाल चले गए थे। इस बीच, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा, "बिहार के प्रतिष्ठित ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के डॉयरेक्टर के भाई की संदिग्ध मौत अथवा हत्या की सभी पहलुओं से उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। कोचिंग क्षेत्र में हाल के विवाद पूरे शिक्षा जगत के लिए उचित नहीं हैं। इस पूरे मामले में बिहार सरकार और पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में दिखाई देती है।"

उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट तुरंत सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि इससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, तेजस्वी के बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि प्रिंस यादव की हत्या खान सर द्वारा कराई गई है। उन्होंने कहा, ‘‘अब यह दिन के उजाले की तरह साफ हो गया है कि यह हत्या खान सर द्वारा कराई गई है।"

वहीं, BJP सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि कोचिंग संस्थानों के बीच अत्यधिक प्रतिस्पर्धा के कारण कोचिंग माफिया जैसी धारणा बन रही है। उन्होंने कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि स्टूडेंट्स के भविष्य के लिए काम करने के बजाय संस्थान आपसी प्रतिस्पर्धा में उलझे हुए हैं, जिससे कोचिंग माफिया जैसी छवि बन रही है।" तिवारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

खान सर का भी आया बयान

उधर, खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट के प्रमुख फैजल खान ने भी प्रिंस यादव की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए पुलिस से जल्द से जल्द और पारदर्शी जांच की मांग की। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, "यह अत्यंत दुखद घटना है। मैं उनके परिवार के दुख को समझ सकता हूं और अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव सहायता देने को तैयार हूं। मैं पुलिस से आग्रह करता हूं कि मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच की जाए।"

कोर्ट की सख्त टिप्पणी

रौशन आनंद सर की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मामले से जुड़े दोनों पक्षों को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि दोनों टीचर हैं और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए, न कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल होना चाहिए। वकील ने जमानत मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अदालत ने माना कि टीचर्स को गुरु की तरह आचरण करना चाहिए।

ये भी पढ़ें- Prince Yadav Death: खान सर कोचिंग विवाद में नया मोड़! रौशन आनंद सर के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के होटल में संदिग्ध मौत

आनंद को जमानत देते हुए कोर्ट ने कहा, "गुरु हैं.. खान और रौशन आनंद गुरु की तरह व्यवहार करें। दोनों टीचर हैं। हेल्दी कम्पीटिशन करें... क्रिमिनल एक्टिविटी में इन्वॉल्व न हों...।" रौशन आनंद के वकील ने कहा, "रोशन घटना में शामिल नहीं था। खान ने हम पर अगर षड्यंत्र का आरोप लगाया तो बॉडीगार्ड की फायरिंग वाली बात क्यों छिपाई?"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।