Kurnool Bus Tragedy: आंध्र बस हादसे में नया खुलासा! CCTV फुटेज में शराब खरीदते दिखे बाइक सवार, नशे के कारण 20 की चली गई जान

Kurnool Bus Tragedy: आंध्र प्रदेश के कुरनूल में एक दोपहिया वाहन से टक्कर के बाद बस में लगी भीषण आग में 20 लोगों की मौत हो गई। हादसे के कुछ घंटों बाद एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें बाइक सवार दुर्घटना के समय नशे में थे। वे शराब खरीदते हुए भी दिखाई दे रहे हैं

अपडेटेड Oct 26, 2025 पर 6:48 PM
Story continues below Advertisement
Kurnool Bus Tragedy: दुर्घटना से कुछ घंटे पहले दोनों बाइक सवार एक वाइन शॉप से ​​शराब खरीदते दिखाई दे रहे हैं

Kurnool Bus Tragedy: आंध्र प्रदेश पुलिस ने पुष्टि की है कि बेंगलुरु जा रही बस में आग लगने की घटना से जुड़ी मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्ति नशे में थे। इस दुर्घटना में 20 बस यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। कुरनूल जिले के चिन्ना टेकुरु गांव में 24 अक्टूबर को मोटरसाइकिल एक स्लीपर बस के नीचे आ गई थी। बस के टक्कर मारने से पहले ही मोटरसाइकिल एक अन्य हादसे का शिकार हुई थी। बस में 44 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल बस के नीचे कुछ दूरी तक घिसटती रही जिससे उसकी पेट्रोल की टंकी फट गई। फिर उसमें आग लग गई।

अब एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस वीडियो में दुर्घटना से कुछ घंटे पहले दोनों बाइक सवार एक वाइन शॉप से ​​शराब खरीदते और पीते हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल फुटेज में दोनों दोपहिया वाहन पर रवाना होने से पहले शराब पीते हुए दिखाई दे रहे हैं।

कुरनूल रेंज के डीआईजी कोया प्रवीण ने पीटीआई से कहा, "फोरेंसिक जांच से अभी-अभी पुष्टि हुई है कि मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्ति (शिव शंकर और एरी स्वामी) नशे में थे।" पुलिस को हालांकि पता था कि दोनों नशे की हालत में थे। लेकिन उसने इसकी पुष्टि नहीं की थी क्योंकि वह फोरेंसिक साक्ष्यों का इंतजार कर रही थी।


डीआईजी ने बताया कि दोनों ने एक ढाबे पर खाना खाया था। स्वामी ने शराब पीने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, शिव शंकर देर रात करीब दो बजे लक्ष्मीपुरम गांव से स्वामी को तुग्गली गांव छोड़ने के लिए निकला था। कुरनूल के SP विक्रांत पाटिल ने बताया कि रास्ते में दोनों देर रात दो बजकर 24 मिनट पर पेट्रोल भराने के लिए एक कार शोरूम के पास पेट्रोल पंप पर रुके थे।

पेट्रोल पंप पर उनके रुकने का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें शंकर लापरवाही से दोपहिया वाहन चलाते दिख रहा है। पेट्रोल पंप से रवाना होने के कुछ ही देर बाद दोपहिया वाहन फिसल गया। इससे शंकर दाहिनी ओर गिरकर डिवाइडर से टकरा गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पिछले कुछ दिनों में दक्षिणी राज्य में व्यापक पैमाने पर बारिश हुई है जिससे सड़कों पर फिसलन है। पाटिल ने बताया कि स्वामी ने शंकर को सड़क के बीच से खींचकर उसकी जांच की। इसमें पाया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पाटिल ने कहा, "जब वह मोटरसाइकिल को सड़क से हटाने के बारे में सोच ही रहा था तभी बस तेजी से आई और दो पहिया वाहन को कुचलते हुए कुछ दूर तक घसीटती हुई ले गई।"

लगातार दो दुर्घटनाएं होने और बस में भीषण आग लगने से स्वामी डर गया। फिर वह अपने पैतृक गांव तुग्गली चला गया। बाद में पुलिस स्वामी को लेकर आई और इस भयावह दुर्घटना के महत्वपूर्ण विवरण का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, शिव शंकर शुक्रवार देर रात करीब दो बजे लक्ष्मीपुरम गांव से स्वामी को तुग्गली गांव छोड़ने के लिए निकला था। उसने बताया कि रास्ते में दोनों एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए रुके थे। इसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

ये भी पढ़ें- अब यूपी के लोगों को इलाज के लिए दिल्ली में नहीं भटकना होगा! राष्ट्रपति मुर्मू ने 'यशोदा मेडिसिटी' का किया उद्घाटन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।