मशहूर भारतीय रैपर और सिंगर बादशाह को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई है। यह धमकी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए दी गई बताई जा रही है।
मशहूर भारतीय रैपर और सिंगर बादशाह को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई है। यह धमकी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए दी गई बताई जा रही है।
धमकी भरे इस पोस्ट में रणदीप मलिक और अनिल पंडित की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। इसमें पानीपत के असंध रोड स्थित वेस्टर्न यूनियन से जुड़े गैरी और शैंकी के ऑफिस पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने की बात कही गई है। हमलावरों ने दावा किया कि ये लोग वेस्टर्न यूनियन और कथित हवाला चैनलों से जुड़े कारोबार चला रहे थे।
बादशाह को मिली धमकी
इस हमले की जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने ली है। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में गैंग के सदस्य रणदीप मलिक और अनिल पंडित का नाम सामने आया है, जो फिलहाल अमेरिका में बताए जा रहे हैं। पोस्ट में दावा किया गया कि यह गोलीबारी केवल एक “ट्रेलर” थी। उनका कहना था कि इस कार्रवाई का मकसद उन लोगों को सजा देना है, जो देश की संपत्ति को विदेश भेजकर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
पोस्ट में कही गई ये बात
रिपोर्ट के मुताबिक, गैंग ने अपने पोस्ट में खास तौर पर बादशाह के नाम एक “नोट” लिखा। इसमें उन पर हरियाणा की संस्कृति को बदनाम करने का आरोप लगाया गया है। गैंग ने यह भी कहा कि साल 2024 में बादशाह के क्लब में हुई एक सुरक्षा से जुड़ी घटना सिर्फ एक चेतावनी थी। पोस्ट में आगे लिखा गया कि अगर भविष्य में ऐसी चीजें दोबारा हुईं तो इसका अंजाम बहुत गंभीर हो सकता है। संदेश के अंत में गैंग की ओर से बेहद खतरनाक धमकी दी गई, जिसमें कहा गया कि अगली बार उन्हें सीधे गोली मार दी जाएगी।
हाई अलर्ट पर पुलिस
यह पहली बार नहीं है जब लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के किसी बड़ी हस्ती को निशाना बनाया हो। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जुड़ा यह गैंग पहले भी कई अभिनेताओं और गायकों को धमकी देने के मामलों में सामने आ चुका है। वहीं इस घटना के बाद हरियाणा और पंजाब की कानून-व्यवस्था से जुड़ी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हुए पोस्ट की सच्चाई की जांच कर रही है। साथ ही पानीपत में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश भी जारी है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।