'प्यार हमसे और शादी...', राज्यसभा में मल्लिकार्जुन खड़गे ने ऐसा क्या बोल दिया कि ठहाके मार कर हंसे पीएम मोदी

Mallikarjun Kharge-Rajyasabha: सदन के सदस्यों को विदाई भाषण देते हुए खड़गे ने जेडीएस नेता एचडी देवेगौड़ा की तरफ इशारा करते हुए कहा, 'वे देवेगौड़ा जी को पिछले 54 सालों से जानते हैं और उनके साथ मिलकर काम किया है। खड़गे मुस्कुराते हुए बोले, 'इन्होंने हमारे साथ डेटिंग की, लेकिन शादी पीएम मोदी से कर लिया'

अपडेटेड Mar 18, 2026 पर 3:22 PM
इस दौरान खड़गे ने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले को भी नहीं बख्शा

Mallikarjun Kharge: राज्यसभा में बुधवार को कुछ सांसदों की विदाई समारोह के दौरान गजब का माहौल देखने को मिला। आमतौर जहां सदन में गहमा-गहमी का माहौल होता है वहां जमकर हंसी-मजाक होते दिखा। दरअसल कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा पर एक ऐसी चुटकी ली कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा।

क्या था खड़गे का वो मजेदार बयान?

सदन के सदस्यों को विदाई भाषण देते हुए खड़गे अपने पुराने दिनों को याद कर रहे थे। तभी उन्होंने जेडीएस नेता एचडी देवेगौड़ा की तरफ इशारा करते हुए कहा, 'वे देवेगौड़ा जी को पिछले 54 सालों से जानते हैं और उनके साथ मिलकर काम किया है। तभी खड़गे मुस्कुराते हुए बोले, 'इन्होंने हमारे साथ डेटिंग की, हमसे प्यार किया, लेकिन शादी पीएम मोदी से कर लिया।' खड़गे की यह बात सुनते ही सदन में मौजूद प्रधानमंत्री मोदी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और जोर-जोर से हंसने लगे। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों तरफ के सांसद इस मजाक का आनंद लेते दिखे।


इस दौरान खड़गे ने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले को भी नहीं बख्शा। उन्होंने मजाक में कहा, 'अठावले जी को प्रधानमंत्री की तारीफ करने वाली कविताओं के अलावा और कोई कविता आती ही नहीं है।' इस पर भी सदन में जमकर मुस्कुराहटें बिखरीं।

खड़गे के इस तंज के पीछे की क्या है असली वजह?

खड़गे का यह तंज देवेगौड़ा की पार्टी जेडीएस के बदलते सियासी समीकरणों पर था। 1996 में कांग्रेस ने देवेगौड़ा की यूनाइटेड फ्रंट सरकार को समर्थन दिया था। बाद में 2018 में कर्नाटक में भी दोनों ने मिलकर सरकार बनाई थी। 2019 के बाद जेडीएस और कांग्रेस के रास्ते अलग हो गए और अब देवेगौड़ा की पार्टी बीजेपी (NDA) के साथ गठबंधन में है। इसी 'दलबदल' को खड़गे ने मजाकिया लहजे में 'प्यार हमसे और शादी मोदी से' करार दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी दिया जवाब

प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपने भाषण में हंसी-मजाक का सिलसिला जारी रखा। पीएम ने कहा कि सदन में अब हास्य-व्यंग्य की कमी दिखने लगी है, लेकिन रामदास अठावले आज भी 'एवरग्रीन' हैं। पीएम ने नए सांसदों से कहा कि वे देवेगौड़ा, खड़गे और शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेताओं से संसदीय लोकतंत्र की बारीकियां सीखें। उन्होंने कहा कि राजनीति में कभी 'फुल स्टॉप' नहीं होता।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।