LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग को लेकर शहर और गांव के ग्राहकों के बीच अंतर नहीं रहेगा। सरकार ने ग्रामीण इलाकों में बुकिंग का इंतजार कम कर दिया है। इस बदलाव से ग्रामीण उपभोक्ताओं को पहले के मुकाबले जल्दी रिफिल बुक करने की सुविधा मिलेगी। पेट्रोलियम राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि नए नियम को तुरंत लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण इलाकों में बदला बुकिंग का नियम
पहले ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहकों को नया LPG सिलेंडर बुक करने के लिए 45 दिन का इंतजार करना पड़ता था। अब यह अवधि घटाकर 25 दिन कर दी गई है। यानी ग्रामीण उपभोक्ता भी अब 25 दिन के अंतराल पर रिफिल बुक कर सकेंगे।
इस फैसले के बाद शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के घरेलू LPG ग्राहकों के लिए बुकिंग का अंतर समान हो गया है।
LPG सप्लाई सुधरी तो मिली राहत
सरकार ने बताया कि मध्य-पूर्व के संघर्ष के चलते LPG की सप्लाई पर दबाव बढ़ गया था। इसी वजह से ग्रामीण इलाकों में बुकिंग के बीच ज्यादा अंतर रखा गया था। अब सप्लाई की स्थिति में सुधार हुआ है और लंबित रिफिल का बैकलॉग भी कम हुआ है। इसके बाद सरकार ने बुकिंग से जुड़ी पाबंदी में ढील देने का फैसला किया।
OMCs को तुरंत लागू करने के निर्देश
सुरेश गोपी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि पेट्रोलियम मंत्रालय ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को नए नियम को तुरंत लागू करने के निर्देश दिए हैं। अब देशभर में घरेलू LPG ग्राहक, चाहे वे शहर में रहते हों या गांव में, 25 दिन के अंतराल पर अपना अगला सिलेंडर बुक कर सकेंगे।