Lucknow Double Murder: कौन हैं मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा जिनकी बहन की उसके पति ने गोली मार हत्या कर दी?

Lucknow Double Murder: लखनऊ के गोमती नगर के विवेक खंड में बैंक के बाहर 37 वर्षीय आईसीआईसीआई बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आलमबाग की रहने वाली दिव्या पर उनके पति मानस ने गोली चलाई। गोली लगने से दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई

अपडेटेड Aug 20, 2026 पर 4:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Lucknow Double Murder: आरोपी मानस ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद अपनी बहन को भी गोली मार दी

Lucknow Double Murder and Suicide Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र में बैंक कर्मचारी ने अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार (20 अगस्त) दोपहर करीब 12:15 बजे गोमती नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक की एक ब्रांच के बाहर हुई। मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा (37) के रूप में हुई है, जो बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। गोमती नगर पुलिस स्टेशन इलाके के विवेक खंड में ICICI बैंक के सामने यह घटना हुई।

कपल में चल रहा था वैवाहिक विवाद

पुलिस ने बताया कि दिव्या अपनी कार में थीं, तभी उनके पति मानस वाजपेयी ने उन्हें बाहर बुलाया और गोली मार दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। मानस कथित रूप से एक ऑटो रिक्शा में उनका इंतजार कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मानस वाजपेयी और दिव्या के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था।


अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) अमोल मुर्कुट घटना की सूचना मिलने के बाद बैंक पहुंचे। उन्होंने बताया कि दिव्या पिछले तीन-चार वर्षों से इस बैंक में काम कर रही थीं। उन्होंने कहा, "बैंक में काम करने वाली दिव्या के सहकर्मियों ने हमलावर की पहचान उसके पति के रूप में की है।"

खुद को भी मार ली गोली

पुलिस ने बताया कि आरोपी का बाद में हुसड़िया क्षेत्र में पता लगाया गया, जहां उसने अपनी बहन शीबा वाजपेयी को कथित तौर पर गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी भी बैंक का अधिकारी बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। दिव्या ने 1 साल पहले मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी।

मानस का घर हुसड़िया में है। जबकि दिव्या आलमबाग में रहती थी। मृतका दिव्या मिश्रा पत्रकार और मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। प्रज्ञा ने X पर लिखा, "अभी अभी फोन आया गोमतीनगर में मेरी बहन को गोली मार दी गई है....लोहिया में है ईश्वर मेरी बहन की रक्षा करे।" इस पोस्ट के कुछ देर बाद इलाज के दौरान उनकी बहन की मौत हो गई।

कौन हैं प्रज्ञा मिश्रा?

प्रज्ञा मिश्रा (Pragya Mishra) एक डिजिटल पत्रकार, कंटेंट क्रिएटर और मशहूर यूट्यूबर हैं। प्रज्ञा मिश्रा 'Ulta Chasma UC' नाम से डिजिटल प्लेटफॉर्म चलाती हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X प्रोफाइल के मुताबिक, प्रज्ञा फिलहाल 'भारत समाचार' न्यूज चैनल में एंकर और रिपोर्ट हैं। उनका YouTube प्लेटफॉर्म देश-विदेश और भारत से जुड़ी खबरों एवं समसामयिक मुद्दों पर वीडियो प्रकाशित करता है। उनके YouTube प्रोफाइल में उन्हें रिपोर्टर के रूप में पेश किया गया है।

उनका डिजिटल प्लेटफॉर्म Ulta Chasma UC पर राजनीतिक, सामाजिक और समसामयिक मुद्दों पर अपनी रिपोर्टिंग और विश्लेषण पेश करती हैं। वह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं। @PragyaLive नाम से X पर मौजूद हैं। मिश्रा का नाम पहले फेक न्यूज का शिकार होने के मामले में भी सामने आया था। अप्रैल 2021 में सोशल मीडिया पर उनकी हत्या की झूठी खबर और एक दूसरे अपराध का वीडियो उनके नाम से वायरल हुआ था।

ये भी पढ़ें- Lucknow Crime: लखनऊ में पति ने पत्नी को बैंक के बाहर मारी गोली! फिर बहन को भी मारा और खुद भी सुसाइड कर लिया

बाद में उन्होंने खुद बताया था कि वह सुरक्षित हैं। फैक्ट चेकर वेबसाइट Alt News ने भी उस दावे को गलत बताया था। उनके निजी जीवन से जुड़ी कई जानकारियां इंटरनेट पर अलग-अलग वेबसाइटों और सोशल मीडिया पोस्ट में मिलती हैं। इसके मुताबिक, प्रज्ञा मिश्रा के पति का नाम भरत यादव बताया जा रहा है। भरत भी एक डिजिटल पत्रकार हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।