मध्य प्रदेश के मंदसौर में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बीजेपी पार्षद की पत्नी की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतका की पहचान रूबिना के रूप में हुई है। वह वार्ड नंबर 15 से बीजेपी पार्षद शाहिद मेव की तीसरी पत्नी थीं। घटना उस समय हुई, जब रूबीना ऑटो-रिक्शा में बैठ रही थीं। तभी बाइक पर आए दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रूबीना अपने मायके मदारपुरा से लौटकर किराए के घर जा रही थीं। जैसे ही ऑटो उनके घर के पास पहुंचा, दो युवक बाइक से आए। एक युवक ने रूबीना पर पेट, सीने और सिर पर कई बार चाकू से वार किए और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल रूबीना को पार्षद शाहिद तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सौतेले बेटे पर हत्या की साजिश का आरोप
घटना के एक दिन बाद पुलिस ने इस मामले में बड़ा खुलासा किया। पार्षद के बेटे साहिल और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मंदसौर के ASP तेर सिंह बघेल ने बताया कि शाहिद ने करीब 7 महीने पहले रूबीना से तीसरी शादी की थी। उनका बेटा साहिल इस शादी से नाखुश था। पुलिस को शक है कि पारिवारिक तनाव के कारण उसने हत्या की साजिश रची।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय इलाके में बिजली नहीं थी, इसलिए पास के CCTV कैमरे वारदात रिकॉर्ड नहीं कर सके। हालांकि आसपास के इलाकों के फुटेज की जांच की गई, जिससे पुलिस को साहिल की भूमिका के सबूत मिले।
ASP बघेल ने कहा, “साहिल और उसके पड़ोसी को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।”
इस वारदात के बाद इलाके में गुस्सा और डर का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।