Maharashtra Assembly Threat: गुरुवार सुबह महाराष्ट्र विधानसभा को ईमेल के जरिए बम और मिसाइल हमले की धमकी मिली। विधान परिषद के अध्यक्ष राम शिंदे ने बताया कि ईमेल में मिली धमकी के चलते बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) और डॉग स्क्वाड को पूरे विधानसभा परिसर की जांच और मामले की छानबीन के लिए बुलाया गया।
गृह राज्य मंत्री संजय भोयर ने बताया कि ईमेल मिलने के बाद सभी कर्मचारियों को परिसर से बाहर निकाल दिया गया और तलाशी अभियान चलाया गया। भोयर ने कहा कि आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
भोयर ने बताया कि जांच पूरी हो चुकी है और प्रथम दृष्टया यह झूठी धमकी प्रतीत होती है। ज्यादातर विधायक सुबह इतनी जल्दी विधानसभा नहीं पहुंचे थे, इसलिए उन्हें बाहर निकालने की कोई जरूरत नहीं थी।
बता दें कि गुरुवार सुबह 6:57 बजे कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (CPA) की ईमेल आईडी पर बम और मिसाइल से हमले की धमकी भरा ईमेल आया। इसलिए इमरजेंसी के तौर पर बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) और डॉग स्क्वाड ने पूरे विधान भवन परिसर की जांच की।
यह धमकी विधान भवन के अलावा चार अन्य स्थानों के लिए भी थी। इसलिए पुलिस उन क्षेत्रों का भी निरीक्षण कर रही है। मामले की जांच जारी है।
विधान परिषद के अध्यक्ष शिंदे ने कहा, "चूंकि विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है, इसलिए सभी अधिकारियों को प्रवेश दिया गया है।"
उन्होंने कहा, "बजट सत्र बहुत महत्वपूर्ण है। धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है, इसलिए जांच चल रही है। जांच के बाद सभी डिटेल सामने आएंगे।
शिंदे ने कहा, ईमेल में विधानसभा भवन के अलावा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), मेट्रो, हाई कोर्ट (HC) और कुछ बैंकों का भी उल्लेख है। ईमेल में समय का भी जिक्र है। इसलिए प्रशासन की तरफ से एहतियात बरती जा रही है और BDDS और पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। ईमेल गुरुवार की सुबह आया था।"
भोयर ने कहा, "ऐसा लगता है कि यह कुछ खराब मानसिकता वाले लोगों का काम है। पुलिस ईमेल आईडी और आईपी एड्रेसकी सटीक जांच कर रही है। खाड़ी में युद्ध चल रहा था, इसलिए मिसाइलों जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। लेकिन यह एक फर्जी ईमेल था, इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है।"