Nagpur civic polls: महाराष्ट्र में मुख्य विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (MVA) के घटक दल कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) नागपुर नगर निगम चुनाव अलग-अलग लड़ेंगे। NCP-SP ने अपने सहयोगी दल पर 15 सीटें आवंटित नहीं करने का आरोप लगाया है। महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के लिए चुनाव 15 जनवरी को होंगे। जबकि अगले दिन मतगणना होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख मंगलवार यानी आज है। जबकि दो जनवरी नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख है। उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट तीन जनवरी को जारी की जाएगी।
NCP-SP की नागपुर इकाई के अध्यक्ष दुनेश्वर पेठे ने मंगलवार (30 दिसंबर) को न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि कांग्रेस नेताओं के साथ सोमवार रात तक चर्चा जारी रही। लेकिन बाद में नेताओं ने हमारे फोन कॉल का जवाब देना बंद कर दिया। इससे संकेत मिलता है कि वे गठबंधन नहीं करना चाहते।
पेठे ने कहा कि NCP-SP ने शुरू में 25 सीट मांगी थीं। लेकिन बाद में 15 सीट पर चुनाव लड़ने के लिए सहमत हो गई। लेकिन फिर भी कांग्रेस ने उसकी मांग को नजरअंदाज कर दिया। NCP-SP नेता ने कहा, "ऐसा लगता है कि कांग्रेस भाजपा की मदद करना चाहती है और उसने हमारे साथ गठबंधन नहीं करने का फैसला किया है।"
इससे पहले, 2017 में 151 सदस्यीय नागपुर निकाय के लिए हुए चुनाव में BJP ने 108 सीट, कांग्रेस ने 28 सीट, बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 10 सीट, शिवसेना (अविभाजित) ने दो सीट और NCP (अविभाजित) ने एक सीट जीती थी।
'महायुति' में हुआ सीटों का बंटवारा
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने नागपुर महानगरपालिका चुनाव की सभी 151 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जबकि 'महायुति' की सहयोगी पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने अलग से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। BJP अधिकतम 143 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि शिवसेना के लिए केवल आठ सीट छोड़ी जाएगी। भाजपा की नागपुर इकाई के अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने सूची शेयर की है।
आगामी नगर निकाय चुनावों में टिकट न मिलने से नाराज महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के एक कार्यकर्ता ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर नागपुर में पार्टी कार्यालय में कथित रूप से तोड़फोड़ की।
आगामी नागपुर महानगरपालिका चुनावों में अविनाश परडिकर को टिकट देने से इनकार किए जाने के बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने गणेश पेठ क्षेत्र में एनसीपी कार्यालय के टेलीविजन सेट और खिड़कियां तोड़ दीं। राकांपा की नगर इकाई के प्रमुख अनिल अहिरकर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का नाराज होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, "एक सीट के लिए 10 से अधिक लोग दावेदार थे, लेकिन टिकट केवल एक को ही मिल सकता है। हमने सभी के लिए न्याय सुनिश्चित करने का प्रयास किया है।"