Credit Cards

Maharashtra: दही हांडी समारोह में मंच ढहने से मचा हड़कंप, बाल-बाल बचे डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे

Dahi-Handi Celebrations: मुंबई पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, शनिवार रात दही हांडी समारोह में दो लोगों की मौत हो गई है और 95 से ज्यादा लोग घायल हुए है। घायलों में से 76 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 19 अस्पताल में भर्ती हैं

अपडेटेड Aug 17, 2025 पर 10:38 AM
Story continues below Advertisement
जब शिंदे समारोह के बाद मंच से नीचे उतर रहे थे, तभी बड़ी संख्या में उनके समर्थक मंच पर इकट्ठा हो गए जिससे अधिक वजन के कारण मंच अचानक ढह गया

Deputy CM Eknath Shinde: जन्माष्टमी के अवसर पर ठाणे के घनसौली में एक दही हांडी समारोह के दौरान महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उस समय बाल-बाल बच गए, जब मंच अचानक ढह गया। इस घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और डिप्टी सीएम शिंदे को तुरंत एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। यह घटना शनिवार रात को हुई। घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि जब शिंदे समारोह के बाद मंच से नीचे उतर रहे थे, तभी बड़ी संख्या में उनके समर्थक मंच पर इकट्ठा हो गए। अधिक वजन के कारण मंच अचानक ढह गया। इस घटना में किसी को चोट नहीं लगी है।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कृष्ण जन्माष्टमी 2025 के मौके पर मुंबई और ठाणे में कई दही हांडी समारोहों में भाग लिया। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर इन समारोहों की तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किए। एक कार्यक्रम के बारे में अपडेट साझा करते हुए शिंदे ने लिखा, 'मैं पूर्व शिवसेना विधायक रवींद्र फाटक की पहल पर ठाणे शहर में आयोजित प्रतिष्ठित दही हांडी उत्सव में शामिल हुआ और गोविंदाओं के उत्साह को बढ़ाया।'


मुंबई-ठाणे में 2 की मौत और सैकड़ों घायल

मुंबई के अंधेरी इलाके में आदर्श नगर में गोविंदा पाठक के सदस्य रोहन मोहन मालवी की तबीयत अचानक खराब हो गई। वह बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं महानगर के मानखुर्द इलाके में एक 32 वर्षीय व्यक्ति जगमोहन शिवकिरण चौधरी की भी दही हांडी बांधते समय गिरने से मौत हो गई। वह अपने घर की पहली मंजिल की खिड़की से हांडी बांध रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए।

मुंबई पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, शनिवार रात मुंबई में दही हांडी समारोह में दो लोगों की मौत हो गई है और 95 लोग घायल हुए है। घायलों में से 76 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 19 अस्पताल में भर्ती हैं। ठाणे शहर में भी मानव पिरामिड बनाने की कोशिश के दौरान 22 प्रतिभागी घायल हो गए। इनमें से 17 को कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।