महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक विवाहित महिला और उसके प्रेमी की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हत्या को अवैध प्रेम संबंध से जोड़ा जा रहा है और इसलिए महिला के परिवार ने कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी है, जिसे ऑनर किलिंग का मामला बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, महिला के पिता ने ही अपनी शादीशुदा बेटी और उसके प्रेमी की हत्या कर दी और उनके शवों को कुएं में फेंक दिया।
यह घटना सोमवार 25 अगस्त को गोलेगांव में तब सामने आई, जब प्रेमी महिला से मिलने उसके ससुराल गया, जहां वे आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए। ससुराल वालों ने उन्हें पकड़ लिया और महिला के पिता को सूचना दी। पिता दो और लोगों के साथ गोलेगांव आ गए।
ससुराल वालों से घटना की जानकारी मिलने पर, पिता और रिश्तेदारों ने महिला और उसके प्रेमी की बड़ी बेरहमी से पिटाई की। उस समय महिला का पति भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि पिटाई के कारण दोनों की मौत हो गई। इसके बाद, शवों को एक गहरे कुएं में फेंक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भोकर की अपर पुलिस अधीक्षक अर्चना पाटिल और उपविभागीय पुलिस अधिकारी दशरथ पाटिल, पुलिस निरीक्षक अंकुश माने ने घटनास्थल का दौरा कर जानकारी ली।
मृतक संजीवनी का शव रात में ही कुएं से निकाल लिया गया, लेकिन लखन भंडारे का शव देर रात तक नहीं मिल सका। बताया गया कि पुलिस ने मृतक लड़की के पिता, पति और अन्य को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।