Maharashtra ZP Result 2026: महाराष्ट्र जिला परिषद और पंचायत चुनाव में 'महायुति' का शानदार प्रदर्शन! BJP ने जीती सबसे अधिक सीटें

Maharashtra ZP Election Result 2026: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में जोरदार जीत के बाद से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार, 'महायुति' ने 731 जिला परिषद सीटों में से 552 और 1,462 पंचायत समिति सीटों में से 1,000 से अधिक सीट जीती हैं

अपडेटेड Feb 10, 2026 पर 9:37 AM
Story continues below Advertisement
Maharashtra ZP Election Result 2026: 'महायुति' ने 731 जिला परिषद सीटों में से 552 और 1,462 पंचायत समिति सीटों में से 1,000 से अधिक सीट जीती हैं

Maharashtra ZP Election Result 2026: महाराष्ट्र में सोमवार (9 फरवरी) को जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए। इसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली 'महायुति' ने शानदार जीत दर्ज की है। 2024 के विधानसभा चुनाव में जोरदार जीत के बाद से भगवा पार्टी का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, 'महायुति' ने 731 जिला परिषद सीटों में से 552 और 1,462 पंचायत समिति सीटों में से 1,000 से अधिक सीट जीती हैं।

राज्य में सत्तारूढ़ 'महायुति' में BJP जिला परिषद चुनाव में 225 सीट पर जीत दर्ज करके सबसे आगे रही। जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (MCP) को 165 और शिवसेना को 162 सीट पर जीत मिली। विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) में कांग्रेस 55 सीट जीतकर सबसे आगे रही। इसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) को 43 और शरद पवार की NCP (SP) को 26 सीट पर जीत मिली। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने लातूर और रत्नागिरी में एक-एक सीट जीती।

20 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई। जबकि स्टेट इलेक्शन कमीशन में रजिस्टर्ड अनरिकॉग्नाइज्ड पार्टियों ने 14 सीटें जीतीं। जबकि रजिस्टर्ड पार्टियों ने सात सीटें जीतीं। NCP ने पुणे जिला परिषद में 73 में से 51 सीट पर जीत दर्ज की। NCP और शरद पवार की NCP ने 'घड़ी' चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था। ये चुनाव 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजित पवार के निधन के कुछ ही दिन बाद हुए थे।


शिवसेना ने रायगढ़ जिला परिषद में 59 में से 23 सीट जीतीं। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ने रत्नागिरि जिला परिषद में भी 56 में से 41 सीट पर जीत हासिल की। BJP ने सिंधुदुर्ग में 50 में से 27 सीट जीतीं। इसके अलावा BJP सतारा, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव, सतारा और लातूर में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी।

कांग्रेस कोल्हापुर में सबसे बड़ी पार्टी रही। वहीं, 125 पंचायत समितियों की 1,462 सीट में BJP ने 459 सीट जीतीं। इसके बाद NCP को 306 और शिवसेना को 302 सीट पर जीत मिली। कांग्रेस ने 97, NCP (SP) ने 46 और शिवसेना (UBT) ने 89 सीट जीतीं।

MNS ने दो सीटें जीतीं, निर्दलीयों ने 31, राज्य चुनाव आयोग में रजिस्टर्ड गैर-मान्यता प्राप्त पार्टियों ने 36 और राज्य के बाहर रजिस्टर्ड पार्टियों ने 17 सीटें जीतीं। इस बीच, जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में शिवसेना की सफलता से उत्साहित महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि जनता का पार्टी में भरोसा बढ़ा है। शिंदे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी पकड़ मजबूत हुई है।

शिंदे ने दिवंगत अजित पवार को भी याद किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि यदि वे जीवित होते, तो 'महायुति' अपनी जीत का जश्न एक साथ मनाती। शिंदे ने कहा कि शिवसेना ने नगरपालिका परिषद, नगर पंचायत और महानगर पालिका चुनावों में सफलता के बाद जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है।

ये भी पढ़ें- T20 World Cup 2026: 'न घर के, न घाट के...'; पाकिस्तान के चक्कर में बांग्लादेश को क्या हासिल हुआ? BCB पर ICC ने तोड़ी चुप्पी

शिंदे ने कहा, "शिवसेना की इस सफलता से ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी पकड़ और मजबूत हुई है।" उन्होंने बताया कि रत्नागिरि, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग में पार्टी की जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कोंकण के लोग शिवसेना के साथ हैं। शिंदे ने कहा कि पार्टी को हर गांव तक ले जाने का शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे का सपना अब साकार हो रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।