T20 World Cup in India: भारत और पाकिस्तान के बीच T20 वर्ल्ड कप मैच तय समय पर होगा। बांग्लादेश और श्रीलंका के मनाने पर पाकिस्तानी सरकार ने मैच का बॉयकॉट करने का अपना फैसला बदल दिया है। इससे टूर्नामेंट पर असर डाल रही रुकावट भी खत्म हो गई है। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना है। इस बीच, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सोमवार (9 फरवरी) को कहा कि वह भारत में अपने T20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से मना करने पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) पर कोई रोक नहीं लगाएगा।
ICC ने कहा कि यह फैसला BCB और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के साथ बातचीत के बाद लिया गया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाई थी। उसने पहले 15 फरवरी को भारत के खिलाफ अपना वर्ल्ड कप मैच खेलने से मना कर दिया था। लेकिन अब बांग्लादेश के बाहर होने के बाद खुद पाकिस्तान खेलने के लिए राजी हो गया है।
ICC ने एक बयान में कहा, "इस बात पर सहमति बनी है कि मौजूदा मामले में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई फाइनेंशियल, स्पोर्टिंग या एडमिनिस्ट्रेटिव रोक नहीं लगाई जाएगी।" इसमें आगे कहा गया, "BCB के पास इस मामले को डिस्प्यूट रेजोल्यूशन कमेटी को भेजने का अधिकार है। यह अधिकार मौजूदा ICC नियमों के तहत बना रहेगा।"
ICC ने कहा कि उसका तरीका फेयरनेस और इक्विटी के सिद्धांतों पर आधारित है। यह सजा देने के बजाय सपोर्ट करने के साझा मकसद को दिखाता है। बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में वर्ल्ड कप खेलने से मना कर दिया था। इसके बाद टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड ने उनकी जगह ले ली। ICC ने यह भी कहा कि बांग्लादेश को 2028 और 2031 के बीच एक ICC टूर्नामेंट की होस्टिंग के अधिकार दिए जाएंगे।
ICC के चीफ एग्जीक्यूटिव संजोग गुप्ता ने कहा, "यह अफसोस की बात है कि बांग्लादेश ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले रहा है। लेकिन इससे एक बड़े क्रिकेटिंग देश के तौर पर बांग्लादेश के प्रति ICC के पक्के कमिटमेंट में कोई बदलाव नहीं आएगा।" उन्होंने आगे कहा, "हम देश में खेल के लगातार डेवलपमेंट को पक्का करने और भविष्य में इसके खिलाड़ियों को मौके देने के लिए BCB समेत अपने सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ काम करने पर फोकस कर रहे हैं।"
पाकिस्तान सरकार ने एक बयान में कहा, "बहुपक्षीय बातचीत के नतीजों और दोस्त देशों के अनुरोध के बाद पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को निर्देश देती है कि वह 15 फरवरी 2026 को ICC पुरूष टी20 वर्ल्ड कप का अपना निर्धारित मैच खेलने मैदान पर उतरे।" बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने इससे पहले जारी एक बयान में पाकिस्तान से क्रिकेट के हित में यह मैच खेलने का अनुरोध किया था। इसके बाद ही स्पष्ट हो गया था कि पाकिस्तान यह मैच खेलेगा।