Mahua Moitra: 'अमित शाह का सिर काटकर...', महुआ मोइत्रा का गृह मंत्री पर शर्मनाक बयान, BJP ने दर्ज कराई शिकायत

Mahua Moitra Controversial Statement: पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर विवादित टिप्पणी से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने अमित शाह पर बांग्लादेश से घुसपैठ रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका सिर काटकर मेज पर रख देना चाहिए

अपडेटेड Aug 29, 2025 पर 6:42 PM
Mahua Moitra Controversial Statement: टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के बयान से विवाद पैदा हो गया है

Mahua Moitra Controversial Statement: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ बेहद ही विवादास्पद टिप्पणी की है, जिसकी हर तरफ आलोचना हो रही है। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ TMC की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा द्वारा घुसपैठ के मुद्दे पर गृह मंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणियों से विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने अमित शाह पर बांग्लादेश से घुसपैठ रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कथित तौर पर कहा कि उनका सिर काटकर मेज पर रख देना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसपर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मोइत्रा की टिप्पणी को अप्रिय और घृणास्पद करार देते हुए आश्चर्य जताया कि क्या यह तृणमूल कांग्रेस का आधिकारिक रुख है। मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में गुरुवार को एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सीमा सुरक्षा पर अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक महुआ मोइत्रा ने कहा, "वे बार-बार घुसपैठियों के बारे में बात कर रहे हैं। लेकिन भारत की सीमा की सुरक्षा पांच बलों द्वारा की जाती है, और यह सीधे तौर पर गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी है।"

तृणमूल सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के संबोधन का हवाला देते हुए कहा, "लाल किले से खड़े होकर प्रधानमंत्री ने खुद कहा कि घुसपैठिए डेमोग्राफी बदलाव कर रहे हैं। लेकिन जब वह यह कह रहे थे, तब उनके गृह मंत्री अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर मुस्कुरा रहे थे और ताली बजा रहे थे।"

उन्होंने इसके बाद अमित शाह पर व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा, "अगर हमारी सीमाओं की रक्षा करने वाला कोई नहीं है, अगर दूसरे देश के लोग हर दिन घुस रहे हैं, अगर हमारे नागरिक शिकायत करते हैं कि घुसपैठिए हमारी माताओं और बहनों पर नजर रख रहे हैं और हमारी जमीन छीन रहे हैं, तो सबसे पहले आपको अमित शाह का सिर काटकर अपनी मेज पर रखना चाहिए।"

कृष्णानगर की लोकसभा सदस्य मोइत्रा ने कहा, "जब गृह मंत्रालय और गृह मंत्री देश की सीमाओं की रक्षा नहीं कर सकते, और प्रधानमंत्री स्वयं कहते हैं कि घुसपैठिए हमारे लोगों को परेशान कर रहे हैं, तो फिर गलती किसकी है? क्या यह हमारी गलती है? या आपकी?" उन्होंने यह भी सवाल किया कि सीमा पर सीमा सुरक्षा बल की मौजूदगी के बावजूद घुसपैठ क्यों जारी है।


BJP ने दर्ज कराई शिकायत

मोइत्रा के बयान से विवाद पैदा हो गया है। बीजेपी ने कृष्णानगर कोतवाली पुलिस थाने में इसे लेकर शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि स्थानीय निवासी संदीप मजूमदार ने शिकायत दर्ज कराई है। मोइत्रा ने हालांकि खबर लिखे जाने तक बीजेपी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर कोई प्रतिक्रया नहीं दी है। वहीं, बीजेपी नेताओं ने उनकी टिप्पणियों को बेहद आपत्तिजनक और लोकतांत्रिक मतभेद का अपमान बताया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Chunav 2025: 'राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए'; PM मोदी को गाली देने पर कांग्रेस पर भड़के अमित शाह

बीजेपी नेता राहुल सिन्हा ने कहा, "अप्रिय और आपत्तिजनक टिप्पणी केवल व्यक्ति और तृणमूल की मानसिकता को दर्शाती है। हम जानना चाहेंगे कि क्या यह तृणमूल कांग्रेस का आधिकारिक रुख है, यदि नहीं, तो उसे माफी मांगनी चाहिए और मोइत्रा के खिलाफ कार्रवाई शुरू करनी चाहिए।" TMC ने अबतक इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।