Rahul Gandhi Dehradun event: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए देहरादून स्थित बन्नू स्कूल मैदान में लगाए गए टेंट की लोहे की एक छड़ गुरुवार (16 जुलाई) को गिर गई। इसकी चपेट में आने से एक कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत हो गई। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा शाम को उस समय हुआ, जब पार्टी कार्यकर्ता अमर मेहता (65) टेंट के नीचे खड़े होकर व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान टेंट की लोहे की छड़ उनके ऊपर गिर गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में मेहता के सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बन्नू स्कूल मैदान में शुक्रवार 17 जुलाई को राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम प्रस्तावित है, जहां वह पेपर लीक सहित अनेक मुद्दों पर छात्रों से संवाद करेंगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब मजदूर कार्यक्रम स्थल पर लोहे का ढांचा तैयार कर रहे थे, तभी ढांचे की एक भारी रॉड अचानक अमर मेहता के सिर पर गिर गई। इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और बहुत अधिक खून बहने लगा। वहां मौजूद लोग उन्हें तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता थे मेहता
मेहता कई दशकों से कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उनके बेटे भी पार्टी की युवा शाखा 'इंडियन यूथ कांग्रेस' से जुड़े हैं। 'आज तक' से बात करते हुए उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मेहता की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, "यह बेहद दुखद घटना है... उनका बहुत ज्यादा खून बह गया था। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्य से वे उन्हें बचा नहीं सके।" यह जानलेवा घटना राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुई, जो शुक्रवार, 17 जुलाई को शहर के एक स्कूल मैदान में होना तय है।
कार्यक्रम तय समय पर ही होगा
गोदियाल ने साफ किया कि राहुल गांधी का कार्यक्रम तय समय पर ही होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि इसे सादगी और संयम के साथ आयोजित किया जाएगा। राज्य कांग्रेस प्रमुख ने यह भी कहा कि राहुल गांधी छात्रों को संबोधित करेंगे। उसके बाद राहुल के मेहता के परिवार से उनके घर जाकर संवेदना व्यक्त करने की भी संभावना है। 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी और छात्रों के बीच बातचीत के लिए आयोजित किया है, जिसमें पेपर लीक होने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।