AN-32 Aircraft Crash: शनिवार को असम के जोरहाट स्थित रौरेआह एयर फोर्स स्टेशन में भारतीय वायुसेना का एक AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब विमान एयरबेस पर उतरने का प्रयास कर रहा था। दुर्घटना के बाद पायलट के निधन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, विमान में सवार अन्य क्रू सदस्यों के बारे में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
वहीं, भारतीय वायुसेना की ओर से अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हादसे के तुरंत बाद बचाव एवं राहत दलों को मौके पर भेजा गया और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
भारतीय वायुसेना (IAF) ने कहा, "असम के जोरहाट में एयर फोर्स स्टेशन पर लैंडिंग के दौरान एक मिलिट्री एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। यह AN-32 कार्गो प्लेन था, जिसका इस्तेमाल सामान पहुंचाने के लिए किया जाता था। यह हादसा तब हुआ जब प्लेन एयरबेस पर लैंड करने की कोशिश कर रहा था। आशंका है कि क्रैश में पायलट की मौत हो गई होगी। घटना स्थल पर बचाव और जांच का काम चल रहा है और आगे की जानकारी का इंतजार है।"
बता दें कि रौरियाह एयर फोर्स स्टेशन (Roureah Air Force Station) पूर्वोत्तर में भारतीय वायु सेना के प्रमुख ठिकानों में से एक है और असम तथा इस क्षेत्र में हवाई अभियानों में अहम भूमिका निभाता है।
फिलहाल, क्रैश की वजह अभी पता नहीं चली है। 1986 से भारत में AN-32 के साथ लगभग 22 क्रैश की घटनाएं हुई हैं। बता दें कि AN-32 का सबसे हालिया क्रैश 2025 में हुआ था। दुर्घटनाओं के इतिहास के बावजूद, यह विमान भारतीय वायु सेना के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले ट्रांसपोर्ट प्लेटफॉर्म में से एक बना हुआ है और देश भर में लॉजिस्टिक्स और ऑपरेशनल मिशन में अहम भूमिका निभाता है।
यह घटना उस घटना के कुछ महीनों बाद हुई है जब जोरहाट एयर बेस से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग जिले के बोकाजन सब-डिविजन में इंगलोंग एकोपी हिल पर IAF का सुखोई-30MKI फाइटर जेट एक रूटीन ट्रेनिंग मिशन के दौरान क्रैश हो गया था।