MakeMyTrip की बड़ी लापरवाही: कश्मीर की ठंड में परिवार के साथ सड़क पर बिताई रात!

ऑनलाइन होटल बुकिंग के बाद अगर पहुंचने पर कमरा ही उपलब्ध न हो, तो कस्टमर के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है। पंजाब उपभोक्ता आयोग ने ऐसे ही एक मामले में MakeMyTrip को जिम्मेदार माना और कस्टमर को 48,775 रुपये लौटाने के साथ मुआवजा देने का आदेश दिया।

अपडेटेड Sep 23, 2026 पर 1:13 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ऑनलाइन होटल बुकिंग पर भरोसा करके सफर पर निकले परिवार को ऐसी परेशानी झेलनी पड़ी, जितना उन्होंने सोचा भी नहीं था।

आजकल लोग ट्रिप की तैयारी घर बैठे ही कर लेते हैं। होटल, टिकट और घूमने की दूसरी चीजें पहले से ऑनलाइन बुक हो जाती हैं, जिससे जर्नी आसान लगती है। लेकिन ऑनलाइन दिखाई गई जानकारी और मौके पर असलियत का पता चल जाए, तो पूरा प्लान बिगड़ सकता है। कश्मीर घूमने गए एक परिवार के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है।

श्रीनगर पहुंचकर खुली बुकिंग की सच्चाई

राजेश चौहान ने परिवार के साथ कश्मीर घूमने का प्लान बनाया और पहले से होटल बुक कर लिए। लेकिन श्रीनगर पहुंचने के बाद जब वे होटल हेरिटेज रोज इन के पते पर पहुंचे, तो वहां बुकिंग में दिखाया गया होटल नहीं मिला। पूछताछ करने पर पता चला कि उस जगह पर असल में एक प्राइवेट होमस्टे था। परिवार के लिए यहीं से परेशानी शुरू हो गई।


दूसरा होटल भी नहीं आया काम

अगले दिन वह अपने परिवार के साथ गुलमर्ग में बुक किए गए एप्पल ट्री रिजॉर्ट्स की तलाश में पहुंचे। लेकिन काफी कोशिश के बाद भी इस नाम का कोई होटल नहीं मिला। इससे उनके सामने रुकने की परेशानी खड़ी हो गई।

ठंड में बितानी पड़ी रात कुछ इस तरह

होटल नहीं मिलने के कारण और तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस होने से पत्नी और दो बच्चों के साथ परिवार को कार में रात बितानी पड़ी। उन्होंने जो पहले से लिए गए गोंडोला टिकट भी काम नहीं आए और परिवार अगले दिन गुरुदासपुर लौट गया।

कंपनी से शिकायत के बाद आयोग पहुंचा मामला

राजेश ने MakeMyTrip से कई बार मदद और पैसे वापस करने की मांग की, लेकिन कंपनी ने खुद को सिर्फ बिचौलिया बताया। होटल की तरफ से बुकिंग को नो-शो बताया गया। इसके बाद राजेश ने पंजाब के जिला उपभोक्ता आयोग में शिकायत की। आयोग ने कंपनी की दलील नहीं मानी और 18,775 रुपये रिफंड, 25,000 रुपये मुआवजा और 5,000 रुपये मुकदमे का खर्च देने का आदेश दिया। कुल रकम 48,775 रुपये हुई।

आप भी होटल बुक करते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • लोकेशन पहले चेक करें: बुकिंग से पहले Google Maps और दूसरी मैप सर्विस पर होटल की जगह देख लें।
  • होटल से सीधे बात करें: बुकिंग के बाद होटल के फोन नंबर या ऑफिशियल चैनल से अपनी बुकिंग की पुष्टि कर लें।
  • नए रिव्यू जरूर पढ़ें: हाल के रिव्यू देखकर पता करें कि दूसरे ट्रैवलर को होटल और लोकेशन को लेकर कोई परेशानी तो नहीं हुई।
  • रिफंड वाला ऑप्शन चुनें: थोड़े ज्यादा पैसे देकर रिफंडेबल बुकिंग लेना कई बार सुरक्षित रहता है।
  • बुकिंग की जानकारी संभालकर रखें: वाउचर, पेमेंट की रिसिप्ट, होटल से हुई बातचीत और दूसरे जरूरी सबूत ध्यान से रखें।

ट्रिप पर निकलने से पहले होटल की बुकिंग अच्छे से चेक कर लेना जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी आपको सफर के दौरान होने वाली बड़ी परेशानी से बचा सकती है। परिवार के साथ जा रहे हैं तो होटल की लोकेशन और बुकिंग एक बार सीधे कन्फर्म जरूर कर लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।