Malviya Nagar Fire: मालवीय नगर रेस्टोरेंट में धुआं निकलने का नहीं था कोई रास्ता? दिल्ली होटल अग्निकांड में फायरकर्मी का बड़ा दावा

Malviya Nagar Fire: दिल्ली फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि मालवीय नगर रेस्टोरेंट पांच मंजिला थी। आग लगने के बाद इसकी अजीबोगरीब बनावट ने हालात को और गंभीर बना दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, बिल्डिंग में बाहर निकलने के लिए केवल एक सीढ़ी और एक लिफ्ट ही थी। इसके अलावा रेस्टोरेंट चारों तरफ से लगभग बंद था। इससे आग लगने के बाद धुआं होटल से बाहर नहीं निकल सका

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 1:33 PM
Malviya Nagar Fire: मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में लगी आग की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है

Malviya Nagar Fire: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में लगी आग को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि यह बिल्डिंग पांच मंजिला थी। इसकी अजीबोगरीब बनावट ने हालात को और गंभीर बना दिया। न्यूज 18 के मुताबिक, बिल्डिंग में बाहर निकलने के लिए केवल एक सीढ़ी और एक लिफ्ट ही थी। इसके अलावा रेस्टोरेंट चारों तरफ से लगभग बंद था। इससे आग लगने के बाद धुआं होटल से बाहर नहीं निकल सका। इस वजह से कुछ ही समय में पूरी बिल्डिंग धुएं और गर्मी से भर गई।

अधिकारियों का कहना है कि जब धुआं किसी बंद बिल्डिंग में फंस जाता है तो तापमान तेजी से बढ़ता है और लोगों के लिए बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है। शुरुआती जांच में यही वजह सामने आ रही है कि आग की तुलना में धुएं ने अधिक खतरनाक स्थिति पैदा कर दी। फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि आसपास की इमारतों को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। फिलहाल पूरी बिल्डिंग को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इलाके को सील कर दिया गया है। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।

अब तक 21 लोगों की मौत


रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से कुछ विदेशी नागरिकों सहित कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि 37 से अधिक लोगों को रेस्तरां से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मारे गए लोगों में से कई मध्य एशिया और अफ्रीका के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि आग 'लेमन ग्रीन रेस्तरां' में लगी और देखते ही देखते पास के एक अन्य होटल में फैल गई।

दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी के अनुसार, बचाव कर्मी भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित इस बिल्डिंग के बेसमेंट में दाखिल हुए और वहां फंसे कम से कम तीन लोगों को बाहर निकाला। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस की तरफ से डिटेल्स जानकारी की अभी इंतजार है।

पीएम मोदी मुआवजे का किया ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालवीय नगर आगजनी की घटना में हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया है। साथ ही प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।

इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ट्वीट किया, "मालवीय नगर में लगी भीषण आग की घटना में लोगों की जान जाने से मैं बहुत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने और इस दिल दहला देने वाली घटना से प्रभावित सभी लोगों को हिम्मत और हौसला मिलने की प्रार्थना करती हूं। घटना की जानकारी मिलते ही, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, DDMA, CATS एम्बुलेंस सर्विस और दूसरी इमरजेंसी रिस्पॉन्स एजेंसियों की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया और उन्होंने बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए।"

सीएम ने आगे कहा, "उनकी तेजी से की गई कार्रवाई की वजह से प्रभावित जगह से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। दिल्ली सरकार हालात पर बारीकी से नजर रखे हुए है। प्रभावित परिवारों को हर ज़रूरी मेडिकल मदद और सहायता दी जा रही है। दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ी है। हम इस घटना से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।"

वहीं, इस अग्निकांड पर दिल्ली के LG तरनजीत सिंह संधू ने कहा, "मालवीय नगर के हौज रानी स्थित एक होटल में लगी भीषण आग की घटना से मैं बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना में सभी के साथ शामिल हूं। पुलिस, सिविल और अग्निशमन बचाव दल इस समय घटनास्थल पर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। अधिकारियों से बात की गई है और उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे इस दुखद घटना में तत्काल चिकित्सा सहायता, राहत और गहन जांच सुनिश्चित करें।"

DCP साउथ अनंत मित्तल ने कहा, "आज सुबह 08:48 बजे, मालवीय नगर स्थित 'फ्लोरिश स्टे B&B' में आग लगने की सूचना मिली। स्थानीय पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए। 8 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया है। पुलिस, दमकल सेवा और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया कर्मी के आपसी तालमेल से किए गए प्रयासों के चलते, 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।"

ये भी पढ़ें- Malviya Nagar Fire: '6 की जगह बना दिए 25 कमरे...'; दिल्ली रेस्टोरेंट अग्निकांड में चौंकाने वाला खुलासा, होटल पर लापरवाही के बड़े आरोप

अधिकारी ने आगे कहा, "बड़े दुख के साथ यह सूचित किया जाता है कि इस दुखद घटना में 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बचाव और तलाशी अभियान अभी भी जारी हैं और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां ​​मौके पर तैनात हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।