Murshidabad Violence: 'मुर्शिदाबाद हिंसा प्री-प्लान्ड थी'; सीएम ममता बनर्जी ने बंगाल दंगे के लिए BSF और BJP पर लगाया आरोप

Murshidabad Violence: मुर्शिदाबाद में पत्रकारों से बातचीत में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि कुछ बाहरी लोग कुछ धार्मिक नेता समुदायों के बीच हिंसा और दुश्मनी भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। सीएम ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने मुर्शिदाबाद दंगा पीड़ित परिवारों को मुझसे मिलने से रोकने के लिए उन्हें दूसरी जगहों पर भेज दिया

अपडेटेड May 05, 2025 पर 5:34 PM
Story continues below Advertisement
Murshidabad Violence: ममता बनर्जी ने कहा कि जो लोग दंगे भड़का रहे हैं, वे पश्चिम बंगाल के दुश्मन हैं

Murshidabad Violence: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार (5 मई) को दंगा प्रभावित मुर्शिदाबाद का दौरा किया। इस दौरान सीएम ने बीजेपी पर राजनीतिक हमला बोलते हुए केंद्र सरकार पर "सांप्रदायिक तनाव पैदा करने" का आरोप लगाया। ममता ने BSF पर भी आरोप लगाते हुए दावा किया कि अगर सुरक्षा बलों ने गोली चलाने से परहेज किया होता तो मुर्शिदाबाद में दंगे नहीं होते। साथ ही उन्होंने दावा किया कि मुर्शिदाबाद में हिंसा "सुनियोजित" थी। टीएमसी प्रमुख ने कहा कि सांप्रदायिक हिंसा करने की बजाय कृपया सीमा का ध्यान रखें। कृपया भारत का ध्यान रखें। हम भारत से प्यार करते हैं। कृपया भारत को आपदा से बचाएं। कृपया उन लोगों को न्याय दें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।

ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर सोमवार को सांप्रदायिक नफरत फैलाने और देश की सीमा की सुरक्षा करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि मुर्शिदाबाद में हाल की हिंसा से प्रभावित परिवारों को भाजपा द्वारा उनसे मिलने से रोका जा रहा है।

पिछले महीने हुए दंगों के बाद पहली बार मुर्शिदाबाद पहुंचने पर बनर्जी ने कहा, "कुछ बाहरी लोग और कुछ धार्मिक नेता समुदायों के बीच हिंसा और दुश्मनी भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। जो लोग दंगे भड़का रहे हैं, वे पश्चिम बंगाल के दुश्मन हैं।" राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की तीखी आलोचना करते हुए तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने आयोग के सदस्यों के मुर्शिदाबाद के हालिया दौरे के मद्देनजर उसकी प्राथमिकताओं पर सवाल उठाया।


उन्होंने यह भी पूछा कि क्या एनएचआरसी के सदस्यों ने बीजेपी शासित उत्तर प्रदेश और जातीय हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा किया था, जहां अब राष्ट्रपति शासन है। बनर्जी ने आरोप लगाया, "क्या एनएचआरसी ने मणिपुर और उत्तर प्रदेश का दौरा किया? वे मुर्शिदाबाद का दौरा करने में तत्पर थे। जिस तरह 2016 में नोटबंदी की घोषणा के एक दिन बाद ऑनलाइन भुगतान मंच ने अखबारों में पहले पन्ने पर विज्ञापन दिए थे, उसी तरह एनएचआरसी ने दंगे होने के तुरंत बाद मुर्शिदाबाद का दौरा किया। इसलिए मैं कह रही हूं कि यह पूर्व नियोजित था।"

बंगाल सीएम ने दावा किया, "मैंने अधिकतर साजिशों का पर्दाफाश कर दिया है, मैं मीडिया के सामने इसका पर्दाफाश करूंगी... दुर्भाग्य से कुछ मीडिया संस्थान बेबुनियाद बातें फैलाने में BJP के हाथों की कठपुतली बन गए।" बनर्जी ने दावा किया कि BJP ने मुर्शिदाबाद दंगों से प्रभावित परिवारों को जबरन अन्य स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया ताकि वे उनसे मिल न सकें।

ममता ने आगे कहा, "बीजेपी मुर्शिदाबाद दंगों से प्रभावित लोगों के परिवारों को वहां से दूर ले गई ताकि वे मुझसे न मिल सकें। क्या यह अपहरण नहीं है? अगर मैं उनसे यहीं मिलती और उन्हें चेक सौंपती तो क्या नुकसान होता।"

ये भी पढ़ें- 'पेश हों या कार्रवाई का सामना करें': समय रैना की बढ़ी मुश्किलें! दिव्यांगों का मजाक उड़ाने पर 5 इंफ्लुएंसर को सुप्रीम कोर्ट ने किया तलब

मुख्यमंत्री ने केंद्र को अपनी चेतावनी दोहराते हुए कहा, "सांप्रदायिक हिंसा भड़काने के बजाय, हमारी सीमाओं की रक्षा के लिए प्रयास किए जाने चाहिए।" उन्होंने केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी को उसकी संवैधानिक जिम्मेदारी की भी याद दिलाई। उन्होंने कहा, "जब आप कुर्सी पर होते हैं, तो आप लोगों को धार्मिक आधार पर नहीं बांट सकते।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।