Delhi: दिल्लीवासियों के लिए क्रिसमस और नए साल का तोहफा समय से पहले ही आ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने आज यानी 24 दिसंबर को दिल्ली मेट्रो के फेज V(A) के तहत तीन नए कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। करीब ₹12,014 करोड़ की लागत वाली यह परियोजना दिल्ली के परिवहन ढांचे की तस्वीर बदल देगी। इस विस्तार का सबसे बड़ा फायदा सेंट्रल विस्टा में काम करने वाले दफ्तर जाने वालों, दक्षिण दिल्ली के निवासियों और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मिलेगा।
सेंट्रल विस्टा और आर.के. आश्रम से इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर
इस फेज का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक का 10 किलोमीटर लंबा अंडरग्राउंड कॉरिडोर है। यह कॉरिडोर सीधे 'सेंट्रल विस्टा' इलाके को जोड़ेगा। इससे कर्तव्य भवन, इंडिया गेट और वॉर मेमोरियल जैसे इलाकों तक अब हाई-स्पीड मेट्रो की पहुंच होगी।
साउथ दिल्ली से एयरपोर्ट जाना होगा आसान
कैबिनेट ने दो ऐसे एक्सटेंशन को मंजूरी दी है जो इंदिरा गांधी एयरपोर्ट (IGI) की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएंगे। यह छोटा लेकिन महत्वपूर्ण हिस्सा एरोसिटी को एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को सीधे जोड़ेगा। यह तुगलकाबाद-एरोसिटी कॉरिडोर की एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। इसके जरिए साकेत, छतरपुर और सरिता विहार जैसे दक्षिणी दिल्ली के इलाके सीधे एयरपोर्ट से जुड़ जाएंगे। अब साउथ और साउथ-ईस्ट दिल्ली के लोगों को एयरपोर्ट पहुंचने के लिए सड़कों पर घंटों जाम में नहीं फंसना पड़ेगा।
कब तक पूरा होगा प्रोजेक्ट और क्या होंगे इसके फायदे?
इस पूरे प्रोजेक्ट पर ₹12,014.91 करोड़ खर्च होंगे, जिसे केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां मिलकर फंड करेंगी। इसे अगले तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मेट्रो के फेज 5(A) के तहत कुल 13 नए स्टेशन बनेंगे, जिनमें से 10 अंडरग्राउंड और 3 एलिवेटेड होंगे। दिल्ली मेट्रो के इस विस्तार से सड़कों पर गाड़ियों का दबाव कम होगा, जिससे सालाना करीब 33,000 टन कार्बन (CO2) उत्सर्जन कम होने का अनुमान है।
पीएम मोदी ने बताया 'Ease of Living' को मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया (X) पर इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि इन तीन नए कॉरिडोर से राजधानी में 'Ease of Living' को बढ़ावा मिलेगा और ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी। गौरतलब है कि दिल्ली मेट्रो अगस्त 2025 में एक दिन में 81 लाख यात्रियों का सफर कराकर नया रिकॉर्ड बना चुकी है, ऐसे में यह नया विस्तार दिल्ली की इस 'लाइफलाइन' को और मजबूत करेगा।