Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में बीएमसी यानी बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC का चुनाव काफी अहम माना जाता है। वहीं इस चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। BMC पर लगभग पिछले तीन दशक से शिवसेना का राज है और बीजेपी इसे खत्म करने के लिए इस बार पूरी ताकत झोंक रही है। इनसबके बीच उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने बीएमसी चुनाव के लिए हाथ मिला लिया है।
दिल्ली को लोगों को रोकने आए हैं...
उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने मुंबई में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोनों दलों के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया। राज ठाकरे ने इस दौरान कहा कि महारष्ट्र का नेतृत्व केवल ठाकरे ही कर सकते हैं। हम दिल्ली में बैठे दो लोगों को रोकने आए हैं। उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम एकसाथ रहने के लिए साथ आए हैं। करीब दो दशक बाद चचेरे भाई उद्धव ठाकरे (शिवसेना UBT) और राज ठाकरे (MNS) बीएमसी चुनाव के लिए एकजुट हुए हैं।
इससे पहले बुधवार को शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने अपनी-अपनी पत्नियों के साथ शिवाजी पार्क में बालासाहेब ठाकरे के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर शिवसेना (UBT) के नेता आदित्य ठाकरे और MNS के नेता अमित ठाकरे भी मौजूद थे।
#WATCH | Mumbai | MNS Chief Raj Thackeray announces the alliance of Shiv Sena (UBT) and MNS ahead of the Municipal Corporation Elections. pic.twitter.com/FW9wtGldzr
— ANI (@ANI) December 24, 2025
2026 के नगर निगम चुनावों को लेकर शिवसेना (UBT) और MNS के साथ आने की अटकलों पर पार्टी की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल है। उन्होंने कहा कि जब दोनों भाई मिलकर गठबंधन की घोषणा करेंगे, तो यह एक बड़ी जीत की शुरुआत होगी। प्रियंका चतुर्वेदी ने यह भी कहा कि पिछले साढ़े तीन साल से BMC चुनाव नहीं हुए हैं, इस दौरान जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं हुआ और खजाने का गलत इस्तेमाल किया गया, इसलिए अब बदलाव ज़रूरी है।
बता दें कि नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है, जो कि 30 दिसंबर तक जारी रहेगी। मुंबई समेत 29 महानगर पालिकाओं के लिए 15 जनवरी को वोटिंग होगी और काउंटिंग अगले दिन 16 जनवरी को होगी।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।