Monsoon Tracker: यूपी में अभी मानसून की एंट्री के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं! IMD ने का बिग अलर्ट, 4-5 दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम

Monsoon Tracker: मौसम विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ने के लिए फिलहाल स्थितियां अनुकूल नहीं हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा इस समय हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मानसून के बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना के कुछ और हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं

अपडेटेड Jun 17, 2026 पर 5:07 AM
उत्तर प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ने के लिए फिलहाल स्थितियां अनुकूल नहीं हैं।

उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री का इंतजार कर रहे लोगों के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बड़ा और बेहद महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक उत्तर प्रदेश में फिलहाल मानसून की एंट्री के लिए परिस्थितियां बिल्कुल भी अनुकूल नहीं हैं। राज्य में किसी प्रभावी मौसम तंत्र की गैरमौजूदगी की वजह से मौसमी गतिविधियों में भारी कमी आई है। इसके परिणामस्वरूप अगले 4 से 5 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश के तापमान में फिर से भारी बढ़ोतरी होगी और राज्य के कई हिस्सों में एक बार फिर लू का प्रकोप शुरू हो जाएगा।

  • 1. यूपी मानसून ट्रैकर: क्यों अटकी मानसून की एंट्री?

मौसम विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ने के लिए फिलहाल स्थितियां अनुकूल नहीं हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा इस समय हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मानसून के बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना के कुछ और हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश के निवासियों को मानसूनी बारिश के लिए अभी और इंतजार करना होगा।

  • 2. उत्तर प्रदेश वेदर अलर्ट: फिर लौटेगी लू, बीच-बीच में आंधी-पानी

मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले 4 से 5 दिनों तक उत्तर प्रदेश में गर्मी का नया दौर देखने को मिलेगा। प्रभावी मौसमी सिस्टम न होने से तापमान बढ़ेगा। इससे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थितियां दोबारा पैदा होंगी। राहत की बात यह है कि इस भीषण गर्मी के बीच यदा-कदा गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या छिटपुट वर्षा की संभावना भी बनी रहेगी। 17 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, बिजली कड़कने और धूलभरी हवाएं चलने का अनुमान है। पश्चिमी यूपी में 16 से 19 जून तक और पूर्वी यूपी में 17-18 जून के बीच छिटपुट बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।

  • 3. 18 जून से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ


मौसम विभाग के मुताबिक 18 जून 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मौसम बदलेगा। 18 से 22 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। हिमाचल प्रदेश में 18 जून को व्यापक बारिश होगी जबकि उत्तराखंड में 16 से 22 जून तक लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 18-19 जून को और उत्तराखंड में 19 जून को भारी गरज-चमक के साथ ओले गिरने की भी आशंका है। इस सिस्टम के चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और चंडीगढ़ में 19 से 22 जून के बीच 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां दोबारा बढ़ेंगी।

  • 4. राजस्थान में 80 किमी/घंटे की रफ्तार से बवंडर और धूलभरी आंधी

उत्तर-पश्चिम भारत के तहत आने वाले राजस्थान के लिए मौसम विभाग ने सबसे गंभीर चेतावनी जारी की है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 18 जून को 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफानी हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। वहीं 17 और 19 जून को भी यहां 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से बवंडर आने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में 16 से 19 जून तक लगातार भीषण धूलभरी आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इससे विजिबिलिटी बेहद कम हो सकती है।

  • 5. अन्य राज्यों में हीट वेव का पूर्वानुमान

उत्तर प्रदेश के अलावा देश के कुछ अन्य हिस्सों में भी अगले 2-3 दिनों तक लू का प्रकोप जारी रहेगा। आईएमडी के मुताबिक विदर्भ (महाराष्ट्र) में 19 जून तक, तेलंगाना में 18 जून तक और छत्तीसगढ़ में 17 जून तक अलग-अलग पॉकेट्स में लू चलने की स्थिति बनी रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।