Monsson Update: केरल के बाद बंगाल में मानसून की एंट्री की डेट सामने आई, IMD ने इन इलाकों में अगले 7 दिनों तक हैवी बारिश का अलर्ट दिया

Monsoon Entry Date: केरल में दस्तक देने के बाद अब पश्चिम बंगाल में मानसून के प्रवेश की तारीख को लेकर नया अनुमान सामने आया है। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में अगले 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का महा-अलर्ट जारी किया गया है

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 4:56 PM
IMD के मुताबिर एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के मौसम में भी बड़ा उलटफेर होने वाला है

Monsson Update: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 8 जून को पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों तथा तेलंगाना के कुछ इलाकों में आगे बढ़ गया है।

केरल में दस्तक देने के बाद अब पश्चिम बंगाल में मानसून के प्रवेश की तारीख को लेकर नया अनुमान सामने आया है। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में अगले 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का महा-अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिर एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से उत्तर भारत के मौसम में भी बड़ा उलटफेर होने वाला है।

पश्चिम बंगाल: अगले 3-4 दिनों में मानसून की एंट्री, उत्तर बंगाल में प्री-मानसून की बौछारें


IMD के कोलकाता आंचलकि केंद्र के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन से चार दिनों के भीतर पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में दस्तक दे सकता है। वैसे मानसून अपनी सामान्य एंट्री की तारीख (6 जून) से थोड़ा पीछे चल रहा है, लेकिन इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। मानसून के आगमन से पहले ही उत्तर बंगाल के जिलों में प्री-मानसून की जोरदार बारिश हो रही है। उप-हिमालयी जिलों जैसे दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में अगले दो दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

असम की सीमा से सटे अलीपुरद्वार में सोमवार सुबह 8:30 बजे तक राज्य में सबसे ज्यादा 133 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा जलपाईगुड़ी में 53 मिमी, कालिम्पोंग में 19 मिमी, कूचबिहार में 18 मिमी और दार्जिलिंग में 7.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश तो हुई है, लेकिन इसके बावजूद वहां मौसम काफी उमस भरा बना हुआ है। अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण बंगाल के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इन राज्यों में अगले 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, अगले 7 दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में 7 से 20 सेमी तक भारी से बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। कर्नाटक और केरल के अलग-अलग स्थानों पर 8 जून और 9 जून को बेहद भारी बारिश होने की चेतावनी है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम सहित संपूर्ण उत्तर-पूर्वी भारत में अगले 7 दिनों तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा।

उत्तर भारत में मौसम का यू-टर्न: 11-12 जून को आंधी, बारिश और ओले

उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में 11 जून तक तापमान में 2-4°C की बढ़ोतरी होगी। इससे दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लू की स्थिति बनी रहेगी। लेकिन 11 जून से सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम पूरी तरह पलट जाएगा। 11 और 12 जून को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भारी ओले गिरने की आशंका है।

वहीं 12 जून को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी ओलावृष्टि का अलर्ट है। 11-12 जून को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से चलने वाले भयंकर आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस मौसमी बदलाव के बाद 12 जून से उत्तर-पश्चिम भारत के तापमान में 3-5°C तक की भारी गिरावट आएगी, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलेगी।

बिहार, झारखंड और मध्य भारत का पूर्वानुमान

बिहार में 10 से 12 जून के बीच भारी बारिश की संभावना है। वहीं 10 से 12 जून के दौरान बिहार, झारखंड और गांगेय पश्चिम बंगाल में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से चलने वाली तूफानी हवाएं तबाही मचा सकती हैं। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 14 जून तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 11 और 12 जून को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से थंडरस्कॉल आने की चेतावनी दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।