Delhi Weather: दिल्ली में शनिवार (8 अगस्त) को एक बार फिर बारिश होने की संभावना है, क्योंकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी में और बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है। बता दें कि यह अनुमान दिल्ली-NCR में गुरुवार और शुक्रवार को हुई भारी बारिश के बाद आया है, जिसके कारण कई इलाकों में जलजमाव और ट्रैफिक में रुकावटे आई थी।
IMD के मुताबिक, मौसम की ये ताजा स्थितियां उत्तर भारत के कई हिस्सों को प्रभावित कर रहे सक्रिय मॉनसून का हिस्सा हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने दिल्ली और आस-पास के इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान लगाया है और लोगों को सलाह दी है कि वे भारी बारिश और बिजली कड़कने के दौरान सावधानी बरतें।
भारी बारिश से जलजमाव और ट्रैफिक में रुकावट
गौरतलब है कि शुक्रवार को दिल्ली-NCR में हुई भारी बारिश से सड़कों और निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या हुई। साथ ही बारिश का असर पीक आवर्स के दौरान ट्रैफिक पर भी पड़ा और मुख्य सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखी गईं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक सफदरजंग में 59.2mm बारिश दर्ज की गई, जबकि लोधी रोड पर 60.4mm बारिश हुई। वहीं, रिज में 57mm, आयानगर में 26.2mm और पालम में 16.9mm बारिश दर्ज की गई।
बता दें कि भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिसमें बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन के पास का इलाका भी शामिल है, जहां बारिश का पानी सबवे में घुस गया। बारापुल्ला फ्लाईओवर जैसी सड़कों पर भी ट्रैफिक पर असर पड़ा, जहां तेज बारिश के बीच गाड़ियां धीमी गति से चल रही थीं। इसके अलावा, गाजियाबाद के कुछ हिस्सों में भी ऐसी ही दिक्कतें देखी गईं।
महिपालपुर टी-पॉइंट, महरौली-बदरपुर रोड, छतरपुर, शकरपुर, दक्षिणपुरी, ओखला, संगम विहार, सैनिक फार्म और लाल किले के आस-पास के इलाकों से भी जलभराव की खबरें आईं। स्थानीय लोगों को पानी से भरी गलियों से स्कूली बच्चों को ले जाने के लिए एक बड़ी नीली प्लास्टिक शीट का इस्तेमाल करके जुगाड़ू बेड़ा बनाते हुए भी देखा गया। भारी बारिश के बाद दिल्ली नगर निगम को शहर के कई हिस्सों से जलभराव और पेड़ गिरने की शिकायतें मिलीं।
IMD ने दिल्ली में आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने इलाके के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है।
वहीं, लगातार हो रही बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, लेकिन और भारी बारिश होने से जल-जमाव और ट्रैफिक की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा करने से पहले मौसम और ट्रैफिक की जानकारी ले लें और पानी भरे रास्तों पर सावधानी से चलें।