MP Jahrili Sharab: मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब का कहर! 10 लोगों की दर्दनाक मौत, जिले में मचा हड़कंप
MP Jahrili Sharab: मध्य प्रदेश में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हो गई है। मरने वाले अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि शनिवार 5 सितंबर की रात शराब पीने के बाद वे बीमार पड़ गए थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घूघर, नौराज, बाराज और आस-पास के इलाकों के लोगों ने शनिवार रात शराब पी थी
MP Jahrili Sharab: मध्यप्रदेश के सागर जिले में कथित जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हो गई है
MP Jahrili Sharab: एक अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील के चार गांवों में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से शनिवार (5 सितंबर) रात 10 लोगों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, चार अन्य की हालत गंभीर है। सागर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) देवेश पटेरिया ने बंडा में पत्रकारों से कहा कि कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पांच लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सागर जिला अस्पताल भेजा गया है।
हालांकि, 'दैनिक भास्कर' की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जहरीली और अवैध शराब पीने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है। जबकि लगभग 35 लोगों को अस्पताल लाया गया है, जिनमें से 24 का अभी भी इलाज चल रहा है। कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन की तरफ से 11 मौतों की पुष्टि नहीं की गई है।
DM ने क्या बताया?
सागर की जिलाधिकारी (DM) प्रतिभा पाल ने बंडा में पत्रकारों से कहा, "तड़के चार बजे यह मामला संज्ञान में आया। इसमें अब तक 10 लोगों की मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। हमारा विशेष ध्यान इस बात पर है कि यदि अन्य लोग भी इसकी चपेट में आए हैं, तो उनकी जांच कराकर उनका इसाज किया जाए।" DM पाल ने यह भी कहा कि मामले की शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि उत्तर प्रदेश के ललितपुर से जहरीली शराब यहां लाई गई है।
प्रतिभा पाल ने पत्रकारों से कहा कि यह जरूरी नहीं है कि मौतें जहरीली शराब के सेवन के कारण ही हुई हों। उन्होंने कहा, "कुछ लोग बीमार पड़े हैं और कुछ मौतें भी हुई हैं। सिविल अस्पताल में उनकी जांच की जा रही है। नौराज और घूघर समेत आसपास के चिह्नित इलाकों में डॉक्टरों और अधिकारियों की जांच टीम तैनात किए गए हैं।"
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी प्रकार की शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति को यदि किसी तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो वह तुरंत डॉक्टर से जांच कराए। उन्होंने कहा, "ललितपुर का एक गिरोह इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त है। चूंकि यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश से सटा हुआ है, इसलिए शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।"
किस इलाके में हुई है मौत?
DM ने पत्रकारों से कहा, "प्रशासन ऐसे सभी मामलों पर नजर रख रहा है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।" बंडा के पूर्व विधायक तरवर लोधी ने दावा किया कि नौ लोगों की मौत जहरीली शराब पीने के कारण हुई है।
उन्होंने न्यूज एजेंसी 'पीटीआई' से बातचीत में कहा कि बंडा विकासखंड के बराज, घूघर, नौराज और आसपास के गांवों में रहने वाले कई लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था, जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्होंने बताया कि परिजन उन्हें इलाज के लिए बंडा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया।
सीएम ने क्या कहा?
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एमपी के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों पर न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी। वहीं, कांग्रेस ने पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की है।
सीएम ने रविवार को कहा, "मैंने प्रभारी मंत्री को निर्देश दिए हैं और अधिकारियों से कहा है कि वे तुरंत कार्रवाई करें, सबसे सख़्त कदम उठाएं और मामले की पूरी जांच करें। हमारी सरकार ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी।"
चार-पांच लोग बंडा सिविल अस्पताल में भर्ती
पूर्व विधायक ने बताया कि चार-पांच लोग बंडा सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि चार-पांच लोगों को सागर भेजा गया है। लोधी ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने पिछले दो-तीन दिनों में बंडा क्षेत्र की किसी दुकान या अवैध रूप से शराब बेचने वालों से शराब खरीदकर पी है। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी थोड़ी भी परेशानी महसूस हो रही है। वे तुरंत अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से जांच कराएं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर जिले की जिलाधिकारी (DM) प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक (SP) अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में जिला प्रशासन और मध्य प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। अधिकारी फिलहाल, मामले की जांच कर रहे हैं।
मौतों पर SP अनुराग सुजानिया ने बताया, "आज सुबह करीब 4.30 बजे थाना बंडा क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई थी कि यहां पर कुछ लोग गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती हुए हैं। मौके पर पहुंचकर पाया गया, डॉक्टर से चर्चा करने पर समझ आया कि सभी मामले मिथाइल अल्कोहल और फूड पॉइजनिंग के है।"
SP ने आगे कहा, "ये घूघर, नौराज और बराज के लोग हैं... प्रथम दृष्टया हम जो जांच कर रहे हैं, उसमें शराब को लेकर की जा रही है लेकिन इसका लिंक ललितपुर आधारित गैंग से जुड़ रहा है। ये गैंग पूर्व में भी मध्य प्रदेश के ब्रांड की शराब बनाकर बेचने का काम कर चुका है। संभावना है कि उसी ओर से ये सप्लाई की गई है। आधिकारिक तौर पर अब तक 10 लोगों की मृत्यु होने की खबर है।"
कांग्रेस हुई हमलावर
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सागर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बंडा क्षेत्र में हुई मौतों को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला और पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की। पटवारी ने ग्वालियर में पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में शराब माफिया बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहे हैं।
बंडा के पूर्व विधायक तरवर लोधी ने दावा किया कि जहरीली शराब पीने के कारण नौ लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि बंडा विकासखंड के बराज, घूघर, नौराज और आसपास के गांवों में रहने वाले कई लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था, जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
उन्होंने बताया कि परिजन उन्हें इलाज के लिए बंडा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि चार-पांच लोग बंडा सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि चार-पांच लोगों को सागर भेजा गया है।