IndiGo News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में डुमना एयरपोर्ट पर सोमवार (4 अगस्त) को एक विमान हादसा होते-होते टल गया। सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान कथित तौर पर इंडिगो के विमान का टायर फट गया। ये हादसा तब हुआ जब फ्लाइट यात्रियों को उतारने के बाद एप्रान में पार्क करने के लिए ले जाया जा रहा था। अच्छी बात यह है कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। विमान की मरम्मत के लिए दिल्ली से टेक्निकल टीम को जबलपुर बुलाया गया है।
हालांकि, इंडिगो की तरफ से भी विमान में टेक्निकल खराबी आने की बात कही गई है। एयरलाइन ने बताया कि टेक्निकल टीम विमान के टायर को सुधार करने आई है इस काम में करीब एक घंटा लगने का अनुमान है। इसके बाद विमान सुधार कर लिया जाएगा। फिर इसे वापस मुबंई की उड़ान के लिए तैयार किया जाएगा।
'दैनिक जागरण' की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडिगो ने कहा, "विमान में टेक्निकल खराबी आई है। इसे सुधार किया जा रहा है। सुधार के बाद शाम को इसी विमान को मुंबई के लिए रवाना किया जाएगा।" रिपोर्ट में कहा गया है कि सुबह मुंबई से इंडिगो का एयरबस 180 यात्री क्षमता वाला विमान लैंड किया। इसके बाद यात्रियों को उतारने के बाद विमान को एप्रान में खड़े करने के लिए पायलट ले जाने लगे।
इसी दौरान प्लेन का टायर क्षतिग्रस्त हो गया। सूत्रों ने बताया कि टायर में नुकीली कील नुमा कोई लोहे का टूकड़ा घुसा था। हालांकि रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एयरलाइन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। घटना स्थल के करीब से सभी को हटा दिया गया है ताकि मामले की जानकारी सार्वजनिक न हो।
इससे पहले मुंबई से कोलकाता जाने वाले इंडिगो के एक विमान में शुक्रवार को एक यात्री ने दूसरे यात्री को थप्पड़ मार दिया था। सूत्रों ने बताया कि यह घटना उड़ान संख्या 6E138 में हुई और विमान के कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरने के बाद आरोपी यात्री को सुरक्षा बल को सौंप दिया गया। सूत्रों ने बताया कि विमानन कंपनी ने यात्री को उपद्रवी भी घोषित कर दिया है।
एयरलाइन ने कहा, "उड़ानों में इस तरह के उपद्रवी व्यवहार को हतोत्साहित करने की हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप, नियामक प्रावधानों के अनुसार, उस व्यक्ति को इंडिगो की किसी भी उड़ान से सफर करने से रोक दिया गया है।" उड़ान प्रतिबंध की अवधि का तुरंत पता नहीं चल सका है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो क्लिप शेयर किया गया, जिसमें अपनी सीट पर बैठे एक यात्री ने गलियारे में बैठे एक अन्य यात्री को अचानक थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वह रोने लगा और उसे उस जगह से हटा दिया गया।
इसके अलावा, चालक दल के एक सदस्य को सीट पर बैठे यात्री से ऐसा मत करो कहते हुए सुना गया। जबकि एक अन्य यात्री ने पूछा कि उसने थप्पड़ क्यों मारा और उसे किसी को मारने का कोई अधिकार नहीं है। एक यात्री को यह भी कहते हुए सुना गया कि जिस व्यक्ति को मारा गया था, उसे घबराहट के साथ दौरा पड़ रहा था।