Air India के प्लेन में कॉकरोच मिलने से मचा हड़कंप, यात्रियों ने किया हंगामा, अमेरिका से मुंबई आ रही थी फ्लाइट

Cockroaches On Air India: टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया ने एक बयान में बताया कि इन छोटे कॉकरोचों को सबसे पहले कोलकाता में रुके विमान में सवार दो यात्रियों ने देखा। इसके बाद दोनों यात्रियों को अलग-अलग सीटों पर बिठाया गया और कोलकाता में विमान के रुकने के दौरान उसकी अच्छी तरह से सफाई की गई

अपडेटेड Aug 04, 2025 पर 3:44 PM
Story continues below Advertisement
Air India विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी

Cockroaches On Air India: एयर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आने वाली एक फ्लाइट में कुछ छोटे कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया। यात्रियों ने प्लेन में भारी हंगामा किया। बाद में एयरलाइन ने एक बयान में बताया कि इन छोटे कॉकरोचों को सबसे पहले कोलकाता में रुके विमान में सवार दो यात्रियों ने देखा। इसके बाद दोनों यात्रियों को अलग-अलग सीटों पर बिठाया गया और कोलकाता में विमान के रुकने के दौरान उसकी अच्छी तरह से सफाई की गई। एयर इंडिया टाटा ग्रुप में जुड़ने के बाद लगातार चर्चा में बना हुआ है।

एयरलाइन ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आने वाले विमान में सवार दो यात्रियों की सीट बदलनी पड़ी क्योंकि इन यात्रियों ने प्लेन में कुछ छोटे कॉकरोच होने की शिकायत की थी। एयरलाइन की ओर से एक बयान में कहा गया कि यह घटना एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI180 में हुई।

एयर इंडिया की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, "सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या AI180, दुर्भाग्यवश, दो यात्री विमान में कुछ छोटे कॉकरोच देखकर परेशान हो गए। इसलिए, हमारे केबिन क्रू ने दोनों यात्रियों को उसी केबिन की दूसरी सीटों पर बिठाया, जहां वे आराम से बैठ गए।"


टाटा ग्रुप की अगुवाई वाली एयरलाइन ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि कोलकाता में उड़ान के निर्धारित ईंधन भरने के दौरान, कंपनी के ग्राउंड क्रू ने समस्या के समाधान के लिए तुरंत सफाई की। इसके बाद, वही विमान समय पर मुंबई के लिए रवाना हुआ।

प्रवक्ता ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए क्षमा भी मांगी। फ्लाइट में कितने यात्री सवार थे इसके बारे में फिलहाल जानकारी नहीं हो सकी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24.कॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह उड़ान बोइंग 777 विमान से संचालित की गई थी।

टाटा ग्रुप की कंपनी ने विमान में कॉकरोच होने को लेकर सफाई देते हुए कहा, "कीटों और अन्य हानिकारक जीवों को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से कीटनाशकों या अन्य रसायनों के इस्तेमाल करने के हमारे प्रयासों बावजूद, कभी-कभी ग्राउंड ऑपरेशन के दौरान कीड़े विमान में घुस सकते हैं। एयर इंडिया इस घटना के स्रोत और कारण का पता लगाने के लिए एक व्यापक जांच करेगी और ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय लागू करेगी। यात्रियों को हुई किसी भी असुविधा के लिए हम क्षमा चाहते हैं।"

इससे पहले कंपनी ने एयर इंडिया AI-171 दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने को लेकर एक अपडेट शेयर किया था। कंपनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा था, "एयर इंडिया AI-171 दुर्घटना से प्रभावित परिवारों और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ी है। हम उनके नुकसान पर शोक व्यक्त करते हैं।" 

ये भी पढ़ें- Shibu Soren Death: पीएम मोदी ने अस्पताल पहुंच शिबू सोरेन को दी अंतिम विदाई, हेमंत सोरेन से मुलाकात कर व्यक्त की संवेदना

एयरलाइन ने कहा, "इस कठिन समय में सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। एक महीने से भी पहले एयर इंडिया ने प्रभावित परिवारों की तत्काल वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में मदद के लिए 25 लाख रुपए का अंतरिम भुगतान जारी करना शुरू किया था। यह अंतरिम भुगतान किसी भी अंतिम मुआवजे में समायोजित किया जाएगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।