Mumbai-Ahmedabad Bullet Train: भारत की पहली हाई-स्पीड रेल यानी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का काम काफी तेजी से हो रहा है। वहीं अब इस परियोजना में भारत ने एक नई तकनीक ‘टनल हुड’ का इस्तेमाल शुरू किया है। यह देश के हाई-स्पीड रेल कार्यक्रम के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किसी रेल परियोजना में इस तकनीक का इस्तेमाल भारत में पहली बार किया जा रहा है। इसे बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के उन हिस्सों में लगाया जा रहा है जहां पहाड़ों के बीच सुरंगें (टनल) बनाई गई हैं। यह कॉरिडोर महाराष्ट्र और गुजरात से होकर गुजरता है।
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल मार्ग में महाराष्ट्र में सात और गुजरात में एक पहाड़ी सुरंग है। परियोजना के निर्माण के दौरान इंजीनियर ऐसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रहे हैं, जिनका इस्तेमाल दुनिया के कई उन्नत हाई-स्पीड रेल नेटवर्क में किया जाता है। इसका उद्देश्य यात्रियों को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल यात्रा अनुभव देना है। ‘टनल हुड’ भी ऐसी ही एक आधुनिक तकनीक है। माना जा रहा है कि बुलेट ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद यह तकनीक यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जब कोई बुलेट ट्रेन या तेज रफ्तार ट्रेन किसी टनल में प्रवेश करती है, तो वह अपने सामने मौजूद बड़ी मात्रा में हवा को आगे की ओर धकेलती है। इससे सुरंग के अंदर दबाव की तेज लहरें पैदा होती हैं। यदि इन दबाव लहरों को नियंत्रित नहीं किया जाए, तो ट्रेन के सुरंग से बाहर निकलने पर तेज आवाज़ और कंपन हो सकते हैं। इसी समस्या को कम करने के लिए टनल के प्रवेश द्वार पर विशेष संरचनाएं बनाई जाती हैं, जिन्हें टनल हुड कहा जाता है। ये खुली जगह और सुरंग के बंद हिस्से के बीच एक संक्रमण क्षेत्र का काम करती हैं।
टनल हुड हवा के प्रवाह को धीरे-धीरे सुरंग के अंदर जाने में मदद करते हैं। इससे दबाव में अचानक होने वाला बदलाव कम हो जाता है। नतीजतन, शोर घटता है, यात्रा अधिक आरामदायक बनती है और ट्रेन प्रणाली की कार्यक्षमता भी बेहतर होती है। यही वजह है कि दुनिया के कई आधुनिक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क में टनल हुड तकनीक का उपयोग किया जाता है और अब भारत की बुलेट ट्रेन परियोजना में भी इसे अपनाया जा रहा है।
टनल हुड की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में से एक इसके विशेष वेंट या खुले हिस्से होते हैं, जिन्हें प्रेशर-रिलीफ वेंट कहा जाता है। जब कोई तेज रफ्तार ट्रेन सुरंग की ओर बढ़ती है, तो उसके सामने जमा होने वाली हवा का कुछ हिस्सा इन वेंट के जरिए धीरे-धीरे बाहर निकल जाता है। इस व्यवस्था से सुरंग के अंदर बनने वाले दबाव का असर कम हो जाता है। इससे ट्रेन के सुरंग से बाहर निकलने पर होने वाली तेज आवाज़, जिसे "टनल बूम" कहा जाता है, भी काफी हद तक कम हो जाती है। साथ ही, सुरंग के भीतर हवा का प्रवाह बेहतर बना रहता है। इस तकनीक का फायदा यह है कि यात्रियों को अधिक आरामदायक और शांत यात्रा का अनुभव मिलता है। वहीं, सुरंग के आसपास रहने वाले लोगों को भी तेज आवाज़ और शोर से कम परेशानी होती है।
भारत अपना रहा है बेस्ट तकनीक
टनल हुड तकनीक का इस्तेमाल आमतौर पर उन देशों में किया जाता है, जहां बुलेट ट्रेनें 300 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चलती हैं। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में इस तकनीक को अपनाना इस बात का संकेत है कि भारत हाई-स्पीड रेल नेटवर्क में दुनिया के बेहतरीन मानकों को शामिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। एक्सपर्ट का मानना है कि यह तकनीक शोर को कम करने, सुरक्षा बढ़ाने और तेज रफ्तार ट्रेनों के संचालन को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। इसके अलावा, टनल हुड तकनीक पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को भी कम करने में मदद करती है। यही कारण है कि भारत का पहला बुलेट ट्रेन कॉरिडोर आधुनिक और विश्वस्तरीय हाई-स्पीड रेल प्रणालियों के मानकों के और करीब पहुंच रहा है।