Vande Bharat Sleeper: मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत क्यों है नेक्स्ट-जनरेशन स्लीपर ट्रेन, ये 4 खासियतें आपका दिल जीत लेंगी

Vande Bharat Sleeper: भारतीय रेलवे जल्द ही मुंबई और बेंगलुरु के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। ये ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा को अधिक तेज, आरामदायक और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। जानें इस ट्रेन की खासियत

अपडेटेड Jun 17, 2026 पर 5:49 PM
Vande Bharat Sleeper Train:  वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लंबी दूरी और रातभर की यात्राओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है

वंदे भारत ट्रेन भारतीय रेलवे की सबसे आधुनिक और हाई स्पीड ट्रेनों में से एक है। मॉर्डन तकनीक, बेहतर सुविधाओं और कम यात्रा समय की वजह से वंदे भारत देशभर में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। वहीं भारतीय रेलवे जल्द ही मुंबई और बेंगलुरु के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। ये ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा को अधिक तेज, आरामदायक और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। देश के दो प्रमुख कारोबारी शहरों को जोड़ने वाली ये ट्रेन यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर सफर का एक्सपीरिएंस देगी। वहीं लोग इसके रूट और किराए की आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार कर रहे हैं। आइए जानते हैं ट्रेन की खासियत के बारे में

बदला गया डिजाइन

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लंबी दूरी और रातभर की यात्राओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसमें यात्रियों की सुविधा और आराम पर विशेष ध्यान दिया गया है। ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच का नया डिजाइन काफी चर्चा में है, जिसमें अपर बर्थ तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और आसान होगा। कोच में स्लाइडिंग कम्पार्टमेंट दरवाजे, मॉडर्न लाइटिंग और सॉफ्ट-टोन वाले इंटीरियर भी हैं, जिनका मकसद यात्रा करने वाले लोगों को ज्यादा प्रीमियम एक्सपीरिएंस मिल सके।


नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सोने के लिए आरामदायक बर्थ और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया लेआउट लंबी यात्रा को अधिक सहज बनाएगा। माना जा रहा है कि यह ट्रेन कामकाजी लोगों के साथ-साथ पर्यटन के लिए सफर करने वाले यात्रियों को भी काफी पसंद आएगी।

समय की होगी बचत

मुंबई और बेंगलुरु के बीच शुरू होने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से यात्रा पहले की तुलना में काफी तेज होने की उम्मीद है। वर्तमान में इस रूट पर चलने वाली कई ट्रेनों को सफर पूरा करने में 20 घंटे से ज्यादा लग सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्लीपर वंदे भारत यात्रा का समय लगभग 14 से 16 घंटे तक कम कर सकती है, हालांकि इंडियन रेलवे द्वारा फाइनल ऑपरेशनल शेड्यूल की घोषणा अभी बाकी है। माना जा रहा है कि ये सेवा कम स्टॉपेज के साथ संचालित होगी, जिससे ट्रेन की औसत रफ्तार बेहतर रहेगी और दोनों शहरों के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक और कम समय में पूरी हो सकेगी।

कितने लोग कर सकते हैं यात्रा

स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में 16 पूरी तरह से एयर-कंडीशन्ड कोच होने की उम्मीद है, जिनमें कुल 823 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी। ट्रेन को लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है। आरामदायक बर्थ के साथ-साथ इसमें एडवांस्ड सस्पेंशन टेक्नोलॉजी भी दी जाएगी। ये तकनीक यात्रा के दौरान झटकों को कम करने में मदद करेगी, जिससे खासकर रात के समय यात्रियों को अधिक सहज और आरामदायक सफर का अनुभव मिल सकेगा।

रूट को लेकर चल रही चर्चा

मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के रूट को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही है, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। रेलवे ने फिलहाल ट्रेन की शुरुआत की तारीख, किराया, समय-सारिणी और टिकट बुकिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन इसके संचालन से जुड़ी कई अहम जानकारियां अभी सामने आना बाकी हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये ट्रेन दोनों राज्यों के कई प्रमुख शहरों को जोड़ सकती है। हालांकि, यात्रियों को इसके सटीक मार्ग और ठहराव की जानकारी सेवा शुरू होने से पहले आधिकारिक तौर पर दी जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।