Mumbai News: मुंबई के सहार पुलिस ने भारत घूमने आई अमेरिकी महिला से ठगी के आरोप में एक टैक्सी ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, देशराज यादव ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास स्थित एक पांच सितारा होटल तक सिर्फ 400 मीटर की दूरी के लिए महिला से 18,000 रुपये (200 डॉलर) वसूल लिए। आरोपी की पहचान 50 वर्षीय देशराज यादव के रूप में हुई है।
यह घटना 12 जनवरी को हुई, जब महिला अमेरिका से मुंबई पहुंची थी। महिला ने इस महंगी यात्रा की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की तो ड्राइवर की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। बाद में मुंबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। महिला ने बताया कि उसने एयरपोर्ट से होटल जाने के लिए टैक्सी ली। लेकिन ड्राइवर ने उसे सीधे होटल नहीं पहुंचाया।
इसके बजाय वह उसे अंधेरी (पूर्व) इलाके में करीब 20 मिनट तक घुमाता रहा और फिर उसी इलाके में वापस लाकर होटल के सामने उतार दिया। होटल एयरपोर्ट से सिर्फ 400 मीटर दूर था। इसके बाद उसने भारी भरकम किराया मांग लिया। देशराज यादव ने उससे 18,000 रुपये वसूल लिए। महिला ने बताया कि ड्राइवर के साथ एक और व्यक्ति भी था, जिसने इस ठगी में मदद की।
महिला ने सोशल मीडिया पर की शिकायत
मामला तब सुर्खियों में आया जब पीड़िता अर्जेंटीना एरियनो ने 26 जनवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी आपबीती बताई। उसने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें टैक्सी का रजिस्ट्रेशन नंबर भी बताया गया। यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया। लाखों लोगों ने इसे देखा। पोस्ट देखते ही लोगों ने पुलिस को टैग किया और कार्रवाई की मांग की। हालांकि, महिला से सीधे संपर्क नहीं हो पाया। लेकिन, सहार पुलिस ने 27 जनवरी को खुद संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया।
मुंबई पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर आरोपी ड्राइवर को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि ड्राइवर ने जानबूझकर लंबा चक्कर लगाकर महिला को ठगा। यह घटना मुंबई में पर्यटकों के साथ ठगी के कई मामलों में से एक है। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। विदेशी पर्यटकों से अपील की गई है कि वे हमेशा मीटर से चलें। ऐप आधारित कैब का इस्तेमाल करें या आधिकारिक प्रीपेड टैक्सी चुनें।
टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने 27 जनवरी को खुद ही फर्स्ट इंफॉर्मेशन रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर यादव को गिरफ्तार कर लिया। महिला की X पर पोस्ट में लिखा था, "हाल ही में मुंबई में उतरी और हिल्टन होटल के लिए टैक्सी ली। ड्राइवर और एक दूसरे आदमी ने पहले हमें एक अनजान जगह पर ले गए, हमसे 200 डॉलर (18,000 रुपये) चार्ज किए और फिर हमें होटल छोड़ दिया, जो सिर्फ 400 मीटर दूर था। टैक्सी नंबर: MH 01 BD 5405।"
इस पोस्ट का जवाब देते हुए मुंबई पुलिस ने लिखा, "हमने आपको फॉलो किया है। कृपया DM में अपनी कॉन्टैक्ट डिटेल्स शेयर करें।" इस घटना से सोशल मीडिया पर गुस्सा भड़क गया। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एक अन्य यूजर ने सुरक्षा चिंताओं को भी उठाया। उसने कहा, "टूटी हुई टेल लाइट्स। ड्राइवर ने कोई यूनिफॉर्म नहीं पहनी है। इसकी इजाजत कैसे दी गई?"