देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बीते 48 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। भारी बारिश की वजह से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खासकर, मुंबई और आसपास के इलाकों में जारी भारी बारिश के कारण सड़के जलमग्न हैं और रेल पटरियां पानी में तैरती नजर आ रही हैं। करीब 300 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में मौसम विभाग (IMD) ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार दूसरे दिन हुई तेज़ बारिश से सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। जलभराव से यात्री और वाहन फँसे रहे, वहीं मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेनें भी पटरी पर पानी भरने से ठप हो गईं।
अटकी लोगों की सांसे
मुंबई में हो रही भारी बारिश का असर मोनोरेल सर्विस पर भी पड़ा। मैसूर कॉलोनी रेलवे स्टेशन के पास शाम 6 बजे एक मोनोरेल एलिवेटेड ट्रैक पर अटक गई। अंदर मौजूद करीब 500 यात्रियों को विंडो तोड़कर क्रेन की मदद से निकाला गया। 442 यात्रियों का रेस्क्यू किया गया। इनमें से एक को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके अलावा लगभग 200 यात्रियों को वडाला स्टेशन वापस लाया गया है। MMRDA ने बताया कि भीड़ बढ़ने की वजह से ऐसा हुआ।
मीठी नदी में आई बाढ़
मीठी नदी का पानी बढ़ने के कारण 400 से 500 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुँचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, एनडीआरएफ ने पवई के फिल्टरपाड़ा इलाके में नदी में बह रहे एक व्यक्ति की जान बचाई। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो, जो शायद पवई झील के पास पुल से लिया गया है, में नदी का तेज़ बहाव साफ दिख रहा है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि बारिश का पानी निकालने के लिए 525 पंप, 10 छोटे पंपिंग स्टेशन और छह बड़े पंपिंग स्टेशन लगातार काम कर रहे हैं।
कुर्ला के क्रांति नगर इलाके में एनडीआरएफ की पाँच टीमें तैनात की गई हैं और वहाँ लगातार बचाव अभियान चल रहा है। साप्ताहिक कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि मुंबई में लगभग 300 मिमी की रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। सिर्फ सोमवार (18 अगस्त) को ही शहर में आठ घंटे के भीतर 170 मिमी बारिश हुई थी।
इन इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर और मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों सहित पूरे कोंकण क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि बुधवार (20 अगस्त) तक यहां बहुत तेज़ बारिश हो सकती है। अनुमान है कि कोंकण और घाट क्षेत्रों में widespread यानी व्यापक बारिश होगी, कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।
थमी लोकल ट्रेन की रफ्तार
दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और ठाणे के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं पटरियों पर पानी भरने के कारण आठ घंटे बंद रहीं, लेकिन शाम को दोबारा शुरू हो गईं। रेलवे प्रवक्ता के अनुसार, मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर सीएसएमटी और ठाणे के बीच सेवाएं सुबह 11:30 बजे रोकी गई थीं और शाम 7:28 बजे सीएसएमटी से एक ट्रेन के रवाना होने के साथ फिर से शुरू हुईं। हालाँकि, हार्बर लाइन (सीएसएमटी से मानखुर्द) अभी भी बंद है। सुबह सायन और कुर्ला के बीच पटरियों पर आठ इंच तक पानी भर गया था, जिसके चलते ट्रेनों को रोकना पड़ा। कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों का समय भी बदला गया या उन्हें रद्द कर दिया गया।
विमानों का बदलना पड़ा रूट
मुंबई हवाई अड्डे पर भारी बारिश की वजह से कम से कम आठ फ्लाइट का रूट बदलना पड़ा और कई उड़ानें देर से चलीं। एयरलाइनों ने यात्रियों को देरी की जानकारी दी और कम दृश्यता की स्थिति में बीच-बीच में एहतियाती कदम उठाए गए। इंडिगो की छह उड़ानें और स्पाइसजेट व एयर इंडिया की एक-एक उड़ान को सूरत, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे नजदीकी हवाई अड्डों पर भेजा गया।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।