Mumbai schools closed: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बावजूद मुंबई के सभी स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान गुरुवार (23 जुलाई) को खुले रहेंगे। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल शहर में छुट्टी घोषित नहीं की गई है। हालांकि, पालघर जिले में मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने गुरुवार को सभी स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आर्थिक राजधानी के लिए 'येलो अलर्ट' और पड़ोसी इलाकों ठाणे, रायगढ़, पालघर और रत्नागिरी के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट पर स्कूल बंद नहीं होते
BMC के अनुसार, मुंबई में आमतौर पर स्कूल और कॉलेज तभी बंद किए जाते हैं जब IMD रेड अलर्ट जारी करता है। रेड अलर्ट का मतलब है कि अगले 24 घंटों में 204 मिमी से अधिक बारिश होने की संभावना है, जिससे बाढ़ और अन्य आपात स्थिति पैदा हो सकती है। फिलहाल मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है। इसका अर्थ है कि शहर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, लेकिन स्थिति इतनी गंभीर नहीं है कि स्कूल-कॉलेज बंद किए जाएं।
इन जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट
IMD ने मुंबई के अलावा ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में शुक्रवार तक रुक-रुक कर भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों से बचने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
पिछले 24 घंटे में कितनी हुई बारिश?
IMD के आंकड़ों के मुताबिक, 21 जुलाई सुबह 8 बजे से 22 जुलाई सुबह 8 बजे तक:-
मुंबई शहर में औसतन 36.65 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पूर्वी उपनगरों में 48.70 मिमी बारिश हुई।
पश्चिमी उपनगरों में सबसे अधिक 64.91 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मुंबई में IMD का येलो अलर्ट, ठाणे में ऑरेंज अलर्ट
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई शुक्रवार, 24 जुलाई तक 'येलो अलर्ट' के दायरे में रहेगा, क्योंकि आज लगातार तीसरे दिन भी यहां भारी बारिश हो रही है। ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी में मौसम खराब रहने की उम्मीद है, और IMD ने इन इलाकों में बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। IMD ने अगले 24 घंटों के लिए इस क्षेत्र में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
फिलहाल मुंबई में सामान्य जनजीवन जारी है। लेकिन मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग का 'येलो अलर्ट' प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने के लिए कहता है। स्कूल बंद होने की संभावना तब तक कम है जब तक IMD अपनी चेतावनी को 'रेड वॉर्निंग' या 'ऑरेंज अलर्ट' में नहीं बदल देता (जो तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना होने पर जारी किया जाता है)।