VIDEO: आम लदी गाड़ी पलटी, तड़पते रहे घायल पति-पत्नी...फल लूटने में जुटी रही भीड़

पुलिस के मुताबिक, 40 वर्षीय अजय पासवान अपनी पत्नी संतरा देवी के साथ पश्चिम बंगाल से मुजफ्फरपुर आम लेकर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे दुखद बात यह रही कि दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरे आम उठाने शुरू कर दिए

अपडेटेड Jun 15, 2026 पर 9:00 PM
बिहार के मुजफ्फरपुर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है।

बिहार के मुजफ्फरपुर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां आम से लदा एक ट्रक सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार एक दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुखद बात यह रही कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरे आम उठाने और ले जाने शुरू कर दिए। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल पति की बाद में मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सामने आया हैरान कर देने वाला वीडियो 

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ट्रक सड़क किनारे पलटा हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग आम इकट्ठा कर अपने साथ ले जाते नजर आ रहे हैं। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (एनएच-27) पर हुई। जानकारी के अनुसार, आम से भरी पिकअप गाड़ी का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिसके बाद वह पलट गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।


आम लेकर जा रहे थे पति-पत्नी

पुलिस के मुताबिक, 40 वर्षीय अजय पासवान अपनी पत्नी संतरा देवी के साथ पश्चिम बंगाल से मुजफ्फरपुर आम लेकर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे दुखद बात यह रही कि दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरे आम उठाने शुरू कर दिए। लोग आम इकट्ठा कर अपने साथ ले जाते रहे, जबकि घायल दंपत्ति सड़क पर दर्द से तड़पता रहा। इस घटना ने लोगों की संवेदनहीनता पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद घायल दंपत्ति को अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान अजय पासवान की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी संतरा देवी की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि आम से लदी गाड़ी का उस क्षेत्र में दुर्घटना का शिकार हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे से जुड़ी सभी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।