उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने शादी के करीब आठ महीने बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उन्होंने अपनी मां के नाम एक वीडियो में महिला ने ससुराल पक्ष पर लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने वीडियो में कहा कि ससुराल वालों की सोच कभी नहीं बदलेगी। मृतक की पहचान सृष्टि कंधारी के रूप में हुई है। उनकी शादी नवंबर 2025 में सौरभ रतूड़ी से हुई थी। पुलिस के अनुसार, आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में सृष्टि ने बताया कि शादी के बाद से पिछले कई महीनों से उन्हें ससुराल में लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मौत से पहले मां से बोलीं- 'अब और सहन नहीं कर सकती'
आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में सृष्टि कंधारी भावुक होकर रोती हुई दिखाई दीं। उन्होंने अपनी मां से माफी मांगते हुए कहा कि वह पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव झेल रही थीं और अब उनके लिए यह सब सहना संभव नहीं रहा। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह करीब छह महीने से लगातार परेशान थीं और अब पूरी तरह टूट चुकी हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल का माहौल उनके लिए ठीक नहीं था और उन्हें लगातार ताने सुनने पड़ते थे। वहीं, सृष्टि की मां सीमा कंधारी ने पुलिस में दी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद उनकी बेटी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। परिवार का कहना है कि सृष्टि को बार-बार ताने दिए जाते थे, उन्हें "अशुभ" कहा जाता था और घर में होने वाली हर परेशानी या बुरी घटना के लिए उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया जाता था।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार की शिकायत में कहा गया कि, शादी के कुछ महीने बाद सृष्टि के ससुर को दिल का दौरा पड़ा। इसके बाद ससुराल में उनके साथ कथित मानसिक प्रताड़ना और बढ़ गई। परिजनों का आरोप है कि एक पंडित की सलाह के बाद ससुराल वालों ने सृष्टि को परिवार के लिए अशुभ मानना शुरू कर दिया और हर बात के लिए उन्हें ही दोषी ठहराने लगे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना से तीन दिन पहले सृष्टि के ससुर का निधन हो गया था। इसके बाद उनके साथ कथित मानसिक उत्पीड़न पहले से अधिक बढ़ गया। परिवार ने बताया कि 28 और 29 जुलाई को सृष्टि से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया। जब एक परिचित उनके घर पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि तबीयत खराब होने पर सृष्टि को अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि, जब उनके परिजन श्रीनगर से देहरादून पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
मृतक शिक्षिका के परिवार का आरोप है कि ससुराल वालों ने उन्हें सृष्टि की मौत की जानकारी समय पर नहीं दी। परिजनों का कहना है कि बाद में उन्हें बताया गया कि परिवार अन्य कामों में व्यस्त था, इसलिए उनसे संपर्क नहीं हो सका। परिवार की शिकायत के आधार पर डोईवाला थाना पुलिस ने पति सौरभ रतूड़ी, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसमें दहेज मृत्यु से संबंधित धारा 80(2) भी शामिल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान मृतका द्वारा रिकॉर्ड किया गया वीडियो, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य उपलब्ध सबूतों की विस्तार से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने वीडियो की सत्यता या मौत के सटीक कारण पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। मामले की जांच जारी है।