सराय काले खां लूप के जाम से मिलेगी राहत! NHAI ने शुरू किया बड़ा एक्शन प्लान, नोएडा-गुरुग्राम का सफर होगा आसान

Delhi Update: दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक जाम कम करने के लिए NHAI ने सराय काले खां लूप पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम शुरू किया है। इस योजना का उद्देश्य DND-सोहना कॉरिडोर शुरू होने से पहले ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाना, जाम कम करना और यात्रियों को सुगम आवाजाही की सुविधा देना है

अपडेटेड Jul 28, 2026 पर 6:35 PM
सराय काले खां लूप दिल्ली के ट्रैफिक नेटवर्क में एक स्ट्रैटिजिक कंर्वजेंस पॉइंट के रूप में काम करता है

Delhi Update: दिल्ली-एनसीआर में रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के लिए सुविधा बढ़ाने और ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक बड़ा कदम उठाया है। NHAI ने NH-148NA के DND-सोहना सेक्शन पर स्थित सराय काले खां लूप पर ट्रैफिक की भीड़भाड़ और जाम को खत्म करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक NHAI ने बताया कि यह DPR दिल्ली के सबसे व्यस्त ट्रांसपोर्ट नोड्स में से एक के लिए लंबे समय के ट्रैफिक मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग समाधानों का आकलन करेगी।

ट्रैफिक का मुख्य केंद्र है सराय काले खां लूप

सराय काले खां लूप दिल्ली के ट्रैफिक नेटवर्क में एक स्ट्रैटिजिक कंर्वजेंस पॉइंट के रूप में काम करता है। यहां आश्रम, नोएडा और सराय काले खां की ओर से आने-जाने वाला भारी ट्रैफिक आपस में मिलता है। इस इंटरचेंज पर गाड़ियों का भारी दबाव रहता है। इससे बिजी समय में यात्रियों को लंबे जाम का सामना करना पड़ता है।


DND-सोहना कॉरिडोर शुरू होने से पहले तैयारी

NHAI के मुताबिक DND-सोहना नेशनल हाईवे कॉरिडोर के चालू होने के साथ ही इस जगह पर गाड़ियों की संख्या और भी बढ़ने की उम्मीद है, जो समस्या को और बढ़ाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए समय रहते यह कदम उठाया जा रहा है ताकि जब कॉरिडोर पूरी तरह चालू हो तो गाड़ियां इसपर बिना किसी रुकावट के सुचारू और कुशल तरीके से चल सकें।

DPR से क्या-क्या होगा हासिल?

इस डीपीआर में एनएचएआई इंटरचेंज की गाड़ी क्षमता को बढ़ाने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर बदलावों का मूल्यांकन करेगा। यात्रियों के यात्रा समय को कम करने और सड़कों पर सुरक्षित यातायात आवाजाही सुनिश्चित करने के विकल्प इसमें तलाशे जाएंगे। इस जरूरी लूप पर सीमलेस कनेक्टिविटी देने और DND-सोहना कॉरिडोर का लोगों को पूरा फायदा मिले, इन पहलुओं पर भी डीपीआर में विचार किया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।