निक्की की हत्या या आत्महत्या? पुलिस को मिले कुछ ऐसे सबूत, जो बदल सकते हैं पूरी जांच की कहानी!
Nikki Murder Case: सूत्रों के मुताबिक, पुलिस इस केस की पूरी टाइमलाइन को फिर से ध्यान से जांचने की तैयारी में है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, निक्की के कमरे से एक ज्वलनशील पदार्थ बरामद हुआ है, जिससे यह आत्मदाह का मामला भी हो सकता है। सूत्रों ने बताया कि पदार्थ को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है
निक्की की हत्या या आत्महत्या! पुलिस को मिले कुछ ऐसे सबूत, जो बदल सकते हैं पूरी जांच की कहानी!
ग्रेटर नोएडा दहेज हत्या मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। अब ऐसे सबूत मिले हैं जो ये संकेत देते हैं कि निक्की भाटी ने शायद खुद ही खुद को आग लगाई थी। उसके कमरे से ज्वलनशील सामान मिलने के बाद अब तक की जांच पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अब नए पहलुओं से जांच कर रही है और CCTV फुटेज व दूसरे वीडियो खंगाल रही है, जो शुरुआती पूछताछ और बयान दर्ज होने के बाद सामने आए हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस इस केस की पूरी टाइमलाइन को फिर से ध्यान से जांचने की तैयारी में है।
CNN-News18 के मुताबिक, आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, निक्की के कमरे से एक ज्वलनशील पदार्थ बरामद हुआ है, जिससे यह आत्मदाह का मामला भी हो सकता है। सूत्रों ने बताया कि पदार्थ को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
ऐसा आरोप है कि 21 अगस्त को, 28 साल की निक्की को उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने दहेज के लिए सिरसा में घर में कथित तौर पर पीटा, ज्वलनशील पदार्थ छिड़का और आग लगा दी। दिल्ली के एक अस्पताल ले जाते समय निक्की की मौत हो गई।
उसके आखिरी पलों के कुछ दर्दनाक वीडियो सामने आए हैं। इनमें से एक वीडियो में वह आग की लपटों में घिरी दिख रही है, जिसे कथित उसकी बड़ी बहन कंचन ने रिकॉर्ड किया था।
सूत्रों के मुताबिक, कंचन का बयान तो दर्ज किया गया था, लेकिन उस वीडियो को लेकर अब तक उससे सवाल नहीं किए गए हैं, जिसमें एक आवाज सुनाई देती है, "ये क्या कर लिया?" पुलिस उसके पहले दिए गए बयान की भी दोबारा जांच करेगी।
उन्होंने बताया कि शुरुआती पूछताछ के बाद वीडियो सामने आया और परिवार के दोनों पक्षों से कुल 10 से 12 बयान दर्ज किए गए हैं।
अब क्या-क्या आया सामने?
सूत्रों ने बताया कि निक्की के अंतिम संस्कार में उसके पति विपिन के पिता और परिवार के अन्य लोग शामिल हुए। घटना के बाद निक्की को अस्पताल ले जाया गया था और पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिवार को सौंप दिया गया।
उन्होंने बताया कि घटना के एक दिन बाद सुबह-सुबह दाह संस्कार कर दिया गया और परिवार के दोनों पक्ष मौजूद थे। उन्होंने बताया कि इसके बाद ही निक्की के परिवार वालों ने शिकायत दर्ज कराई और FIR दर्ज की गई।
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी मारपीट और निक्की को आग में जलते हुए दिखाने वाले वीडियो सामने आ चुके हैं। निक्की के परिवार ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
इस मामले में विपिन, उसके माता-पिता सतवीर और दया, और भाई रोहित को गिरफ्तार किया गया है। विपिन को रविवार को उस समय पैर में गोली लगी थी जब वह कथित तौर पर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था।
क्या निक्की की मौत वाले दिन विपिन अपने घर के बाहर था?
CCTV फुटेज में विपिन को निक्की की मौत वाले दिन ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में अपने घर के पास एक दुकान पर खड़ा देखा गया था।
भाटी परिवार के घर के पास की एक दुकान के बाहर का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें एक युवक दिखाई देता है, जिसे स्थानीय लोग विपिन बता रहे हैं। वह पहले एक कार के पीछे खड़ा रहता है और फिर अचानक दौड़ जाता है। कुछ देर बाद वह वापस आता है और पास खड़ी कार की ओर जल्दी से बढ़ता है। इसके तुरंत बाद एक बुज़ुर्ग और कई लोग भाटी परिवार के घर की तरफ भागते दिखते हैं, जबकि मोहल्ले की महिलाएं घबराई हुई नजर आती हैं।
पुलिस ने कहा कि यह वीडियो जांच में शामिल कर लिया गया है और सभी तथ्यों की पुष्टि करने के बाद ही नतीजे निकाले जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) सुधीर कुमार ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया, "यह हमारी जांच का हिस्सा है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई होगी। जांच हर संभव पहलू से की जाएगी और पूरी होने के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।"
पुलिस ने यह भी कहा कि अभी तक इस वीडियो की असलियत की पुष्टि नहीं हो पाई है।