चार टुकड़ों के साथ 2025 में खत्म हो जाएगा पाकिस्तान, निशिकांत दुबे ने किया ये बड़ा दावा

Nishikant Dubey : भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि भारत जल्द ही पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को वापस लेगा। इसके साथ ही पाकिस्तान का विभाजन कर उसे बलूचिस्तान, पख्तूनिस्तान और पंजाब नाम के नए देशों में बदल दिया जाएगा

अपडेटेड Apr 27, 2025 पर 8:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Nishikant Dubey : भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर में कार्यक्रम में बड़ा बयान दिया है।

Nishikant Dubey : भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एक बड़ा दावा किया है कि 2025 के अंत तक पाकिस्तान एक देश के रूप में अस्तित्व में नहीं रहेगा। रविवार को झारखंड के देवघर जिले में महेशमारा रेलवे हॉल्ट के शिलान्यास कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस साल पाकिस्तान चार हिस्सों में बंट जाएगा। भाजपा सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान का भी जिक्र किया, जो उन्होंने बिहार में एक जनसभा के दौरान दिया था। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आतंकवाद और उसके समर्थकों को खत्म करने की बात कही थी।

निशिकांत दुबे का बड़ा दावा

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि भारत जल्द ही पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को वापस लेगा। इसके साथ ही पाकिस्तान का विभाजन कर उसे बलूचिस्तान, पख्तूनिस्तान और पंजाब नाम के नए देशों में बदल दिया जाएगा। निशिकांत दुबे ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस लक्ष्य को पूरा करेंगे। उन्होंने आगे कहा, "मैं पूरे विश्वास से कह रहा हूं कि अगर इस साल के अंत तक पाकिस्तान कई हिस्सों में नहीं बंटा, तो आप भारतीय जनता पार्टी पर झूठे वादे करने का आरोप लगा सकते हैं। पाकिस्तान का अंत निश्चित है, और यह मोदी की गारंटी है। इसी भरोसे के कारण जनता ने उन्हें देश का प्रधानमंत्री बनाया है।"


कहा - हर हाल में लेंगे बदला

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए पाकिस्तानी सेना पर भारतीयों, खासकर हिंदुओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मोदी सरकार इस हमले का बदला हर हाल में लेगी। रेलवे के कार्यक्रम से पहले मीडिया से बातचीत में दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की ताकत और क्षमता को आज पूरी दुनिया मान रही है। दुबे ने आतंकवाद और उसके समर्थकों के सफाए के लिए मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर का पूरा परिवार डर के चलते विदेश भाग चुका है, जो प्रधानमंत्री मोदी की निर्णायक कार्रवाई के प्रभाव को दिखाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।