Nishikant Dubey News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद निशिकांत दुबे के स्वतंत्रता सेनानी और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत बीजू पटनायक के बारे में विवादित कमेंट करने के बाद राजनीतिक बवाल मच गया है। दुबे के बयान पर उनके बेटे और बीजू जनता दल (BJD) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी सांसद के कमेंट पर नवीन पटनायक ने कहा कि वह अपने पिता के बारे में दिए गए बेतुके बयानों से हैरान हैं।
पूर्व सीएम ने यह भी कहा कि बीजू पटनायक के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने को लेकर निशिकांत दुबे को किसी मेंटल डॉक्टर की सलाह लेने की जरूरत है। दुबे की टिप्पणी की निंदा करते हुए BJD प्रमुख ने ओडिशा विधानसभा के बाहर पत्रकारों से कहा, "मुझे लगता है कि इस तरह की अपमानजनक बातें कहने को लेकर BJP सांसद को किसी मेंटल डॉक्टर की सलाह की आवश्यकता है।"
BJP नेता ने 27 मार्च को एक बयान में दावा किया था कि 1960 के दशक में चीन के खिलाफ युद्ध के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA (US Central Intelligence Agency) के बीच बीजू पटनायक कड़ी थे।
नवीन पटनायक ने कहा, "दुबे ने बीजू बाबू के बारे में जो आपत्तिजनक बातें कही हैं, उन्हें सुनकर मैं हैरान हूं।" पुरानी यादों को ताजा करते हुए उन्होंने कहा, "मैं उस समय बहुत छोटा था, लगभग 13 साल का। मुझे याद है कि चीनी हमले को लेकर बीजू बाबू कितने गुस्से में थे। उन्होंने इसे रोकने के लिए कितना कुछ किया था।"
दुबे के बयान से ओडिशा में हंगामा मच गया है। बीजू पटनायक के समर्थकों ने चीनी युद्ध प्रकरण में उनका नाम घसीटने के लिए BJP सांसद की आलोचना की है। BJD के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "कांग्रेस और नेहरू को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश में BJP सांसद ने बीजू पटनायक का नाम लिया है।"
इस बीच, BJD सांसद सस्मित पात्रा ने दुबे की टिप्पणियों पर उनकी अध्यक्षता वाली एक संसदीय समिति से इस्तीफा दे दिया। कम से कम चार अन्य सांसदों मानस मंगराज, सुभाशीष खुंटिया, मुजीबुल्ला खान और निरंजन बिशी ने भी बीजेपी सांसद की आलोचना की।
बीजेडी सांसदों उन पर 'ओडिशा के गौरव का अपमान' करने का आरोप लगाया। बीजद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने दुबे के बयान की कड़ी निंदा की। साथ ही उनसे एक देशभक्त के खिलाफ इस तरह की अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए माफी मांगने की मांग की।
साल 1997 में बीजू पटनायक के निधन के बाद उनके बेटे नवीन पटनायक ने बीजू जनता दल (BJD) की स्थापना की। वह 1961 से 1963 तक और 1990 से 1995 तक दो बार ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे। वह अक्सर संसद में BJP के समर्थन में वोट करते आ रहे हैं।
मीडिया को दिए अपने बयान में निशिकांत दुबे ने कहा था, "अमेरिका ने तिब्बत पर चीन के कब्जे के डर से वहां अपनी सेना और सीआईए एजेंट भेजे थे। दलाई लामा और उनके भाई अमेरिकी सरकार के लगातार संपर्क में थे। नेहरू ने चीन से 1962 का पूरा युद्ध अमेरिकी धन और सीआईए एजेंटों के सहयोग से लड़ा था। ओडिशा के तत्कालीन मुख्यमंत्री बीजू पटनायक अमेरिकी सरकार, सीआईए और नेहरू के बीच कड़ी का काम करते थे।"
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दुबे ने यह भी कहा था कि ओडिशा का चारबतिया एयरपोर्ट (जिसमें बीजू पटनायक की महत्वपूर्ण भूमिका थी) U2 विमानों का अड्डा था। उन्होंने कहा कि इस हवाई अड्डे पर 1963 से 1979 तक अमेरिकी सेना तैनात थी।