Karnataka Crime News: ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बेटे को बनाया कातिल, पिता और बहन को उतारा मौत के घाट

Karnataka Crime News: कर्नाटक के कोप्पल जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक 18 साल के बच्चे ने अपने माता-पिता और बहन पर इसलिए चाकू से हमला कर दिया क्योंकि उन्होंने ऑनलाइन गेम खेलने से मना किया था।

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 9:36 AM
गेम खेलने से रोका तो खो बैठा आपा, बेटे ने परिवार पर किया चाकू से हमला

Karnataka Crime News: कर्नाटक के कोप्पल जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक 18 साल के बच्चे ने अपने माता-पिता और बहन पर इसलिए चाकू से हमला कर दिया क्योंकि उन्होंने ऑनलाइन गेम खेलने से मना किया था। वहीं, इस घटना के बाद बेटे ने खुद पर भी चाकू से कई वार किए। बता दें कि यह मामला जिले के गंगावती तालुक के होसा अयोध्या गांव की है।

पुलिस के अनुसार, साई नायडू (18) ने कथित तौर पर अपने पिता यंकन्ना नायडू (48), मां सौजन्या और बहन प्रगति (20) पर चाकू से हमला किया। हमले के बाद उसने कथित तौर पर खुद को भी चाकू मार लिया।

बहन और पिता की मौत


वहीं, इस घटना में बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। फिलहला, मां सौजन्या और आरोपी बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है और दोनों का इलाज बल्लारी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (BIMS) अस्पताल में चल रहा है।

फिलहाल, कोप्पल जिले की पुलिस BIMS अस्पताल में भर्ती आरोपी साई नायडू से पूछताछ कर रही है। वहीं, गंगावती पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और हमले के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक को ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी। हालांकि, पुलिस अभी मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस वारदात के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

SP ने दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक (SP) राम एल. अरसिद्धि ने बताया, "हमारी शुरुआती जांच में पता चला है कि शनिवार शाम करीब 7 बजे यंकन्ना नायडू का पूरा परिवार एक साथ बैठकर फल खा रहा था। परिवार में यंकन्ना, उनकी पत्नी सौजन्या, बेटी प्रगति, बेटा साई और उनके माता-पिता शामिल थे। इसके बाद रात करीब 9 बजे सभी ने साथ में भोजन किया और अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। लेकिन रात करीब 10 बजे घर से अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब यंकन्ना के पिता ने एक पड़ोसी की मदद से दरवाजा खोला, तो चारों लोग खून से लथपथ मिले। यंकन्ना, उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल थे, जबकि उनके बेटे को मामूली चोटें आई थीं। प्रगति को गंगावती अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। परिवार के बाकी तीन सदस्यों को बेल्लारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह यंकन्ना नायडू ने अंतिम सांस ली।"

मामले की जानकारी देते हुए एसपी ने आगे बताया कि घायलों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि जब वे सो रहे थे, तभी परिवार के एक सदस्य ने अचानक बत्ती बंद कर दी और उन पर चाकू से हमला कर दिया। यंकन्ना के पिता की शिकायत के आधार पर गंगावती ग्रामीण पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने अपने पोते पर शक जताया है, जो PUBG का आदी है। पुलिस अधीक्षक ने आगे कहा, "आगे की जांच जारी है।"

यह भी पढ़ें: Philippines Earthquake: सुबह-सुबह फिलीपींस में आया 8.2 तीव्रता का भूकंप, जापान और इंडोनेशिया में सुनामी का अलर्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।