Pahalgam Terror Attack: 'हम उन तक भी पहुंचेंगे जिन्होंने पर्दे के पीछे से साजिशें रची': पहलगाम आतंकी हमले पर राजनाथ सिंह का बड़ा बयान

Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिना नाम लिए पाकिस्तान को धमकी देते हुए कहा कि हम सिर्फ उन लोगों तक नहीं पहुंचेंगे जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। हम उन तक भी पहुंचेंगे जिन्होंने पर्दे के पीछे बैठ कर भारत की सरजमीं पर ऐसी नापाक हरकतों की साजिशें रची हैं

अपडेटेड Apr 23, 2025 पर 4:52 PM
Story continues below Advertisement
Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने हमला किया जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए

Pahalgam Terror Attack News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार (23 अप्रैल) को कहा कि भारत जल्द ही जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को मुंहतोड़ जवाब देगा। सिंह ने कहा कि हम सिर्फ उन लोगों तक नहीं पहुंचेंगे जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। बल्कि हम उन तक भी पहुंचेंगे जिन्होंने पर्दे के पीछे बैठ कर भारत की सरजमीं पर ऐसी नापाक हरकतों की साजिशें रची हैं। रक्षा मंत्री का साफ इशारा पाकिस्तान की तरफ था, जिसके आतंकियों ने पहलगाम में हमले को अंजाम दिया। आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थल पहलगाम में हमला किया जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए। जबकि कई अन्य घायल हो गए।

राजनाथ सिंह ने कहा, "आतंकवादियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले में हमारे देश ने अनेक निर्दोष नागरिकों को खोया है। इस अमानवीय कृत्य से हम सभी गहरी शोक और दर्द में हैं। सबसे पहले मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। इस दुखद समय में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए मैं परमात्मा से प्रार्थना करता हूं।"

उन्होंने आगे कहा, "यहां मैं भारत के दृढ़ संकल्प को दोहराना चाहूंगा। आतंकवाद के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। भारत का एक-एक नागरिक इस कायरतापूर्ण हरकत के खिलाफ एकजुट है। मैं देशवासियों को आश्वस्त करता हूं कि घटना के मद्देनजर भारत सरकार हर वो कदम उठाएगी जो जरूरी और उपयुक्त होगा।"


रक्षा मंत्री ने बिना नाम लिए पाकिस्तान को धमकी देते हुए कहा, "हम सिर्फ उन लोगों तक नहीं पहुंचेंगे जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। हम उन तक भी पहुंचेंगे जिन्होंने पर्दे के पीछे बैठ कर भारत की सरजमीं पर ऐसी नापाक हरकतों की साजिशें रची हैं।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद बुधवार को जम्मू कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। सूत्रों ने बताया कि करीब ढाई घंटे चली बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. के. सिंह शामिल थे।

रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और सैन्य अभियान महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई भी बैठक में शामिल हुए। सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि बैठक में इस नृशंस हमले के बाद उभरी परिस्थिति के सभी संभावित पहलुओं पर चर्चा की गई। उन्होंने विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंह ने सशस्त्र बलों को अपनी युद्ध तत्परता बढ़ाने और आतंकवाद विरोधी अभियानों की में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी ने जम्मू कश्मीर में सुरक्षा स्थिति का विस्तृत डिटेल्स पेश किया, जिसमें सेना की तैनाती भी शामिल थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस घृणित कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले के बाद से जम्मू कश्मीर में सुरक्षा स्थिति को लेकर कई बैठकें हो चुकी हैं।

ये भी पढ़ें- Pahalgam Terror Attack Live: नौसेना के शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को पत्नी ने दी भावभीनी विदाई! 16 अप्रैल को हुई थी शादी, 22 को आतंकियों ने मार दी गोली

प्रधानमंत्री मोदी सऊदी अरब की अपनी दो दिवसीय यात्रा बीच में छोड़कर आज सुबह नई दिल्ली लौट आए। गृह मंत्री अमित शाह सुरक्षा उपायों की समीक्षा के लिए मंगलवार शाम श्रीनगर पहुंचे। दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद पीएम मोदी ने एनएसए डोभाल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ बैठक की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।