Sam Pitroda News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा ने पाकिस्तान की तारीफ में एक बयान देकर फिर से विवाद खड़ा कर दिया है। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में कहा कि जब मैं पाकिस्तान गया था तो आपको बता दूं कि मुझे वहां घर जैसा महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा नहीं लगा कि मैं किसी विदेशी देश में हूं। उन्होंने नेपाल और बांग्लादेश की भी तारीफ की है। पित्रोदा ने केंद्र सरकार से कहा है कि अपने पड़ोसियों के साथ बातचीत को प्राथमिकता दी जाए।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उनका वीडियो शेयर कर कांग्रेस पर हमला बोला है। सैम पित्रोदा ने शुक्रवार (19 सितंबर) को न्यूज एजेंसी आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया कि जब वह पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों में गए, तो उन्हें कभी ऐसा महसूस ही नहीं हुआ कि वह किसी विदेशी देश में हैं। बल्कि, ये तीनों पड़ोसी देश उन्हें हमेशा "घर जैसा" लगे।
सैम पित्रोदा ने कहा, "मेरे अनुसार, हमारी विदेश नीति को सबसे पहले अपने पड़ोस पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। क्या हम सचमुच अपने पड़ोसियों के साथ संबंधों में पर्याप्त सुधार ला सकते हैं? मैं पाकिस्तान गया हूं। मैं आपको बता दूं कि मुझे वहां (पाकिस्तान में) घर जैसा महसूस हुआ। मैं बांग्लादेश गया हूं, मैं नेपाल गया हूं, और मुझे वहां घर जैसा महसूस हुआ। मुझे ऐसा कभी नहीं लगा कि मैं किसी विदेशी देश में हूं।"
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी की Gen-Z से अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए सैम पित्रोदा ने आगे कहा कि मैं भारत के युवाओं से अनुरोध करना चाहता हूं कि वे कांग्रेस नेता के साथ खड़े हों। उनकी आवाज के साथ अपनी आवाज मिलाएं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने Gen-Z से अपील की थी कि वे आगे आएं और देश के लोकतंत्र की रक्षा करे।
नेपाल में Gen-Z आंदोलन के बाद राजनीतिक स्थिति पूरी तरह बदल गई थी। 'जेन जेड' पीढ़ी से तात्पर्य 1997 से 2012 के बीच पैदा हुए युवाओं से है। राहुल गांधी के पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि 'जेन जेड' पारिवारिक राजनीति, भ्रष्टाचार और वैचारिक अस्पष्टता के खिलाफ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि देश छोड़ने की आप करो।
सैम पित्रोदा के विवादास्पद बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि अब कोई आश्चर्य नहीं है कि यूपीए ने 26/11 के बाद भी पाकिस्तान के खिलाफ क्यों कोई सख्त कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने X पर एक पोस्ट में पित्रोदा के इंटरव्यू का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "राहुल गांधी के चहेते और कांग्रेस ओवरसीज प्रमुख सैम पित्रोदा कहते हैं कि उन्हें पाकिस्तान में 'घर जैसा' महसूस हुआ। कोई आश्चर्य नहीं कि यूपीए ने 26/11 के बाद भी पाकिस्तान के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। पाकिस्तान का चहेता, कांग्रेस का चुना हुआ!।"
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस प्रमुख ने कांग्रेस और भारत-विरोधी जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन के बीच संबंधों के BJP के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "यह सब झूठ है।" पित्रोदा ने आगे कहा, "जॉर्ज सोरोस का कांग्रेस पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। मैं आपको बता रहा हूX, मुझे यह पता है। मैंने इन मुद्दों पर काम किया है, और मैंने लोगों को इसके बारे में बात करते सुना है। उन्हें कुछ पता नहीं है। वे बस झूठ बोलते हैं। उन्हें कुछ पता नहीं है। कोई सबूत नहीं है।"