पाकिस्तानी जहाज ने अरब सागर में भारतीय युद्धपोत को मारी टक्कर! फिर MEA ने लिया ये बड़ा एक्शन

Pakistan Ship Collides With Indian Warship: उत्तरी अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र के भीतर पाकिस्तान की नौसेना ने नापाक हरकत की है। गश्त लगा रहे भारतीय युद्धपोत से पाकिस्तानी जहाज बेहद तेज रफ्तार में आकर टकरा गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। इस उकसावे वाली कार्रवाई के बाद विदेश मंत्रालय ने दिल्ली में पाकिस्तानी राजनयिक को तलब कर जमकर फटकार लगाई है। जानिए क्या है पूरा मामला

अपडेटेड Sep 16, 2026 पर 1:37 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यह घटना 15 सितंबर की शाम को उत्तरी अरब सागर के अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में हुई

Pak Navy Ship Collides Indian Warship: अरब सागर में पाकिस्तानी नौसेना की एक नापाक और गैर-जिम्मेदाराना हरकत सामने आई है। समुद्र में गश्त लगा रहे भारतीय नौसेना के युद्धपोत में पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज ने बेहद खतरनाक तरीके से टक्कर मार दी। इस घटना के बाद भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए नई दिल्ली में पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक को विदेश मंत्रालय तलब कर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।

बीच समंदर में क्या हुआ?

विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह घटना 15 सितंबर की शाम को उत्तरी अरब सागर के अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में हुई। भारतीय नौसेना का एक युद्धपोत अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में अपनी नियमित निगरानी और गश्त पर तैनात था। तभी पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज अचानक तेज गति से भारतीय युद्धपोत के करीब आया और बेहद असुरक्षित तरीके से पैंतरेबाजी करने लगा।


इस खतरनाक लापरवाही के कारण पाकिस्तानी जहाज भारतीय युद्धपोत से जा टकराया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में भारतीय युद्धपोत को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है।

भारत ने पाक राजनयिक को किया तलब

घटना के तुरंत बाद भारत सरकार ने कूटनीतिक स्तर पर पाकिस्तान को घेरा। विदेश मंत्रालय ने दिल्ली में पाकिस्तान के चार्ज डी अफेयर्स (CdA) को समन किया और उन्हें स्पष्ट संदेश दिया कि वे अपने अधिकारियों तक भारत की कड़ी आपत्ति पहुंचाएं। इसी के साथ इस्लामाबाद में मौजूद भारतीय दूतावास को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने आधिकारिक विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।

1991 के सैन्य समझौते का खुला उल्लंघन

विदेश मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज का यह व्यवहार बेहद गैर-पेशेवर और असुरक्षित था। विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि पाक जहाज की यह हरकत अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यासों, युद्धाभ्यास और सैन्य आवाजाही को लेकर हुए समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन है।

भारत ने साफ कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पाकिस्तानी सैन्य इकाइयों को दोनों देशों के बीच हुए समझौतों का सम्मान करना होगा और सतर्कता बरतनी होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।